यूपी STF की बड़ी कार्रवाई: 354 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, कंटेनर ट्रक भी जब्त

अन्य खबरे , 28

लखनऊ/आजमगढ़, 12 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। STF की टीम ने कार्रवाई करते हुए 354 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 88 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजीव कुमार यादव, पुत्र तिलक सिंह, निवासी ग्राम सुरेंदा, थाना अजीतमल, जनपद औरैया के रूप में हुई है। STF ने आरोपी के कब्जे से 354 किलो गांजा, एक कंटेनर ट्रक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
STF के अनुसार, यह गिरफ्तारी 12 मार्च 2026 को सुबह करीब 9:40 बजे आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में अमौड़ा टोल प्लाजा के पास की गई। STF टीम को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अंतरराज्यीय गिरोह द्वारा बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर STF की टीम लगातार अभिसूचना संकलन और निगरानी में लगी हुई थी।
इस दौरान सूचना मिली कि यूपी-79 एटी 9418 नंबर का कंटेनर ट्रक छत्तीसगढ़ से गांजा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर STF टीम ने आजमगढ़ के क्षेत्राधिकारी सदर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमौड़ा टोल प्लाजा के पास ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था, जिसके बाद चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी राजीव कुमार यादव ने बताया कि अवनीश कुमार, निवासी ग्राम करवाखेड़ा, थाना इकदिल, जनपद इटावा ने उसके नाम से यह ट्रक खरीदा था। अवनीश कुमार छत्तीसगढ़ में किसी सरकारी विभाग में कार्यरत बताया जा रहा है। उसके कहने पर ही राजीव ट्रक लेकर छत्तीसगढ़ गया था, जहां उसने ट्रक अजय कुमार उर्फ अज्जू नाम के व्यक्ति को सौंप दिया। कुछ घंटे बाद ट्रक में गांजा और खाली कैरेट लोड कराकर उसे वापस दे दिया गया और आजमगढ़ पहुंचाने को कहा गया था।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़ में मुकदमा संख्या 76/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
STF अब इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top