STF की बड़ी कार्रवाई: 50-50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय गौ-तस्कर पदमा और सज्जाद गिरफ्तार

अन्य खबरे , 43

वाराणसी/चंदौली। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) उत्तर प्रदेश को अंतरराज्यीय गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। STF ने चंदौली जिले के थाना चंदौली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित 50-50 हजार रुपये के इनामी दो तस्करों पदमा और सज्जाद को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी रविवार 8 मार्च 2026 को तड़के करीब 1:20 बजे वाराणसी-प्रयागराज रोड स्थित औरई लाला नगर टोल प्लाजा के पास की गई। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
STF को मिली थी सटीक सूचना
एसटीएफ को फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और उपनिरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में मेरठ STF की टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि चंदौली के गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित पदमा और सज्जाद वाराणसी-प्रयागराज रोड पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
2017 से कर रहे थे गौ-तस्करी
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे वर्ष 2017 से अपने साथियों के साथ मिलकर गौ-तस्करी का काम कर रहे थे। दोनों आरोपी पशु बाजारों से गाय खरीदकर उनकी तस्करी उत्तर प्रदेश, बिहार समेत अन्य राज्यों में करते थे।
पदमा ने बताया कि उसकी मुलाकात संभल निवासी शमशाद से हुई थी, जो गौकशी के अवैध कारोबार में शामिल था। उसी के माध्यम से उसकी पहचान सज्जाद से हुई और इसके बाद दोनों मिलकर इस अवैध धंधे में सक्रिय हो गए।
पहले भी कई मामलों में हो चुके हैं गिरफ्तार
एसटीएफ के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी गौ-तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं।
वर्ष 2017 में वाराणसी के रोहणिया थाना क्षेत्र में गौकशी के मामले में पदमा और उसके साथी गिरफ्तार हुए थे।
वर्ष 2022 में चंदौली में गौ-तस्करी, आबकारी और आर्म्स एक्ट के मामले में भी दोनों को गिरफ्तार किया गया था।
इसके बाद वर्ष 2023 में चंदौली थाना में इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें ये दोनों फरार चल रहे थे और इन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित मुकदमे में थाना चंदौली पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top