सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी: ₹1 लाख करोड़ निवेश प्रस्ताव, 60 हजार करोड़ के MoU; जेवर में MRO और वर्ल्डक्लास स्किलिंग सेंटर की तैयारी
जनपत की खबर Feb 24, 2026 at 04:35 PM , 23सिंगापुर/लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन यहां के उप-प्रधानमंत्री एवं व्यापार-उद्योग मंत्री गान किम योंग तथा राष्ट्रीय सुरक्षा समन्वय मंत्री व गृह मंत्री के. शनमुगम से शिष्टाचार भेंट कर निवेश, औद्योगिक सहयोग और कौशल विकास पर सकारात्मक चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा, वित्तीय सेवाओं और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में साझेदारी की व्यापक संभावनाएं हैं।
प्रमुख फिनटेक व निवेश कंपनियों से बैठक
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रमुख फिनटेक और निवेश संस्थाओं—GIC, UOB, UVPN और Blackstone—के चेयरमैन व सीईओ के साथ भी सार्थक बैठकें हुईं। इन बैठकों में उत्तर प्रदेश में वित्तीय सेवाएं, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर, शहरी अवसंरचना और औद्योगिक पार्कों में निवेश पर चर्चा हुई।
₹1 लाख करोड़ निवेश प्रस्ताव, ₹60 हजार करोड़ के MoU
सीएम योगी ने कहा कि अब तक उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए लगभग ₹1 लाख करोड़ के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जबकि ₹60 हजार करोड़ के समझौता ज्ञापन (MoU) हस्ताक्षरित हो चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये समझौते प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
जेवर में एयरक्राफ्ट MRO हब की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया भर के एयरक्राफ्ट MRO (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) के लिए सिंगापुर प्रमुख केंद्र है। इसी मॉडल पर भारत में भी ऐसी सुविधा विकसित की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक MRO हब विकसित करने की योजना है, जिससे एयरोस्पेस क्षेत्र में बड़े निवेश और रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त होगा।
वर्ल्डक्लास स्किलिंग सेंटर की तैयारी
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के ITE (इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन) सेंटर का भी भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि यहां का कौशल विकास मॉडल अत्यंत प्रभावी है और उत्तर प्रदेश में भी इसी तर्ज पर वर्ल्डक्लास स्किलिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार हो सके।
यूपी की बदली धारणा
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रति निवेशकों की धारणा में “360 डिग्री का परिवर्तन” आया है। बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियां और मजबूत अवसंरचना के कारण वैश्विक निवेशक प्रदेश में रुचि दिखा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सिंगापुर के साथ बढ़ता आर्थिक सहयोग उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।































Comments