इंडिया स्किल्स कॉम्पीटिशन से युवाओं को मिली वैश्विक पहचान की राह, योगी सरकार की पहल ने दिया नया आयाम
जनपत की खबर Feb 04, 2026 at 07:28 PM , 127लखनऊ।
योगी सरकार की दूरदर्शी पहल से इंडिया स्किल्स कॉम्पीटिशन को नया आयाम मिला है, जिसके माध्यम से प्रदेश के युवाओं को वैश्विक स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। इंडिया स्किल्स कॉम्पीटिशन 2025–26 के तहत आयोजित राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के 20 विभिन्न स्किल ट्रेड्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के मिशन निदेशक पुलकित खरे ने विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस सम्मान से विजेता प्रतिभागियों के सपनों को नई उड़ान मिली है।
UPSDM के विशेष बूट कैंप के माध्यम से इन विजेताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल युवाओं को कौशल, प्रतिस्पर्धा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कौशल विकास के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश में सर्वाधिक पंजीकरण वाला राज्य बनने का गौरव हासिल किया है। वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में वर्ष 2024 में जहां प्रदेश से 7,472 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, वहीं वर्ष 2026 के लिए यह संख्या बढ़कर 1,09,249 तक पहुंच गई है।
वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश ने 10 स्किल्स में भागीदारी की थी, जबकि इस वर्ष 20 स्किल्स में सहभागिता कर प्रदेश ने कौशल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। आगामी नॉर्थ रीजनल, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश के युवा उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया सेल का शुभारंभ भी किया गया, साथ ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से M/s NIESBUD के साथ एमओयू का हस्तांतरण किया गया।































Comments