मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक सम्पन्न

जनपत की खबर , 97

बेसिक शिक्षा के शिक्षकों/कार्मिकों व उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किये जाने का निर्णय

निर्णय से अनुमानित 11,95,391 शिक्षक/कार्मिक लाभान्वित होंगे 

इसमें बेसिक शिक्षा परिषद के 4,34,226 शिक्षक, अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल के 13,380 शिक्षक, स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 4,72,735 शिक्षक, 1,42,929 शिक्षा मित्र, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 24,717 अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के 7,479 वॉडेन/पूर्णकालिक/अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के 97,344 रसोईयें तथा 
2,581 विशेष शिक्षक समेकित शिक्षा सम्मिलित

योजना के क्रियान्वयन पर 358.61 करोड़ रु0 का वार्षिक व्ययभार अनुमानित

शिक्षक दिवस पर बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों इत्यादि को कैशलेस सुविधा प्रदान करने सम्बन्धी मुख्यमंत्री की घोषणा 
के क्रियान्वयन हेतु बेसिक शिक्षा विभाग ने यह प्रस्ताव रखा 

लखनऊ : 29 जनवरी, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में आज यहां सम्पन्न मंत्रिपरिषद की बैठक में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों एवं बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों (अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित) में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, विशेष शिक्षकों (सी0डब्ल्यू0एस0एन0), अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कार्यरत वॉर्डेन, पूर्णकालिक/अंशकालिक शिक्षकों/शिक्षिकाओं एवं प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोईयों तथा उक्त कार्मिकों के आश्रितों के स्वास्थ्य के दृष्टिगत सरकारी चिकित्सालयों के अलावा निजी चिकित्सालयों में भी आई0पी0डी0 (अंतर्रोगी विभाग) उपचार हेतु कैशलेस चिकित्सा सुविधा अनुमन्य किये जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी है।
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री जी द्वारा 05 सितम्बर, 2025 को शिक्षक दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग के कतिपय शिक्षकों इत्यादि को कैशलेस सुविधा प्रदान करने के सम्बन्ध में की गयी घोषणा के क्रियान्वयन हेतु बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा यह प्रस्ताव रखा गया।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा के इस निर्णय से अनुमानित 11,95,391 शिक्षक/कार्मिक लाभान्वित होंगे। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन 4,34,226 शिक्षक, बेसिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल में कार्यरत 13,380 शिक्षक, बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 4,72,735 शिक्षक, 1,42,929 शिक्षा मित्र, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 24,717 अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के 7,479 वॉडेन/पूर्णकालिक/अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के 97,344 रसोईयें तथा 2,581 विशेष शिक्षक समेकित शिक्षा सम्मिलित हैं।
योजना के क्रियान्वयन पर 358.61 करोड़ रुपये के वार्षिक व्ययभार का अनुमान है। यह व्यय भार प्रति शिक्षक/कार्मिक 03 हजार रुपये प्रीमियम की वार्षिक दर से अनुमानित है। योजना के क्रियान्वयन हेतु बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आय-व्ययक में आवश्यक बजट व्यवस्था करायी जायेगी।
कैशलेस उपचार सुविधा की इस योजना का क्रियान्वयन स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रहेन्सिव हेल्थ एण्ड इन्टीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) के माध्यम से कराया जाना प्रस्तावित है। यह सुविधा राजकीय एवं साचीज के साथ सम्बद्ध निजी चिकित्सालयों में अनुमन्य होगी, जिसकी दरें वहीं होंगी, जो प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभिकरण (एन0एच0ए0) द्वारा समय-समय पर संसूचित की जायेगी।
प्रकरण में भविष्य में किसी भी परिवर्धन/संशोधन हेतु मंत्रिपरिषद द्वारा मुख्यमंत्री जी को अधिकृत किया गया है।
------

Related Articles

Comments

Back to Top