*राजकीय बालगृह वृंदावन से पलायन की सभी बालिकाएं सुरक्षित बरामद*

जनपत की खबर , 77

*लखनऊ:28जनवरी-2026*

     निदेशक, महिला कल्याण डॉ. वंदना वर्मा ने अवगत कराया है कि दिनांक 26 जनवरी 2026 को रात्रि लगभग 9:00 बजे, राजकीय बालगृह (बालिका), चैतन्य विहार फेज-2, वृंदावन, मथुरा में आवासित 05 बालिकाएं भोजन के उपरांत शयन पूर्व की अवधि में बालगृह की छत पर लगे गेट का ताला खोलकर, पुराने कंबलों की गांठ बनाकर तैयार की गई डोरी के माध्यम से नीचे उतरकर बालगृह परिसर से बाहर चली गईं।
शयन से पूर्व संवासिनियों की नियमित गणना के दौरान स्टाफ द्वारा उक्त बालिकाओं के पलायन की जानकारी प्राप्त होते ही तत्काल बालगृह स्टाफ, चाइल्डलाइन एवं पुलिस के सहयोग से आसपास के क्षेत्रों, बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन सहित अन्य संभावित स्थलों पर सघन खोज अभियान प्रारंभ किया गया।
पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप दिनांक 27 जनवरी 2026 को 04 बालिकाएं तथा दिनांक 28 जनवरी 2026 को शेष 01 बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस प्रकार, सभी 05 बालिकाएं सुरक्षित रूप से प्राप्त कर ली गई हैं।
प्रकरण के संबंध में थाना कोतवाली वृंदावन में अज्ञात दोषियों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई गई है। साथ ही, जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर मामले की मजिस्ट्रेट जांच हेतु अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) को नामित किया गया है, जिनके द्वारा जांच कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
महिला कल्याण विभाग द्वारा बालिकाओं की सुरक्षा, परामर्श एवं पुनर्वास से संबंधित आवश्यक कार्यवाही नियमानुसार सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top