GRAM-2026 से पहले राजस्थान में 23 जनवरी से ग्राम उत्थान शिविर, किसानों–पशुपालकों को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
अन्य खबरे Jan 20, 2026 at 07:40 PM , 280जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब, युवा, अन्नदाता और नारीशक्ति (GYAN) के कल्याण के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार शीघ्र ही ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM)-2026 का आयोजन करने जा रही है। इस महत्वपूर्ण आयोजन से पूर्व प्रगतिशील किसानों और पशुपालकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर 23 जनवरी से ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ये शिविर दो चरणों में आयोजित होंगे। प्रथम चरण का शुभारंभ बसंत पंचमी के अवसर पर 23 जनवरी को होगा, जिसके अंतर्गत 24, 25 और 31 जनवरी को शिविर आयोजित किए जाएंगे। द्वितीय चरण में 1 फरवरी तथा 5 से 9 फरवरी तक शिविर लगाए जाएंगे। इस प्रकार प्रदेशभर में कुल 10 दिनों में 2,839 ग्राम उत्थान शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। शिविरों से पूर्व 22 जनवरी को ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को शिविरों में होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
तारबंदी से लेकर सौर पम्प तक मिलेगी स्वीकृति
ग्राम उत्थान शिविरों में तारबंदी, पाइपलाइन, फार्म पॉन्ड, बैलों से खेती योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि की स्वीकृति, सॉयल हेल्थ कार्ड का वितरण, बीज मिनिकिट वितरण का सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही फव्वारा एवं ड्रिप सिंचाई, प्लास्टिक मल्च, सौर पम्प संयंत्र जैसी योजनाओं की स्वीकृतियां तथा मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा।
पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गृहप्रवेश
शिविरों में किसान क्रेडिट कार्ड, नए कस्टम हायरिंग सेंटर से जुड़े कार्य, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत पशुपालकों का पंजीकरण एवं स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही फर्टिलिटी किट का वितरण, प्राइमरी डेयरी को-ऑपरेटिव सोसायटी एवं डेयरी को-ऑपरेटिव सोसायटी का पंजीयन किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित आवासों में लाभार्थियों का गृहप्रवेश भी कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त वीबी जी राम जी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना का सर्वे कार्य, स्वामित्व कार्डों का वितरण, नहरों एवं खालों की मरम्मत की आवश्यकताओं का चिन्हीकरण, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पंजीकरण तथा युवा स्वरोजगार योजना सहित अन्य गतिविधियां भी संपन्न की जाएंगी।
12 विभागों की योजनाओं का मिलेगा लाभ
इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास और पंचायती राज सहित कुल 12 विभाग भाग लेंगे। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को शिविरों का नोडल विभाग बनाया गया है, जो सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करेगा।
प्रभारी सचिव करेंगे नियमित निरीक्षण
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रभारी सचिव इन शिविरों का नियमित निरीक्षण कर सतत पर्यवेक्षण करेंगे। जिला स्तर पर कलेक्टर जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे, जो शिविरों से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन करेंगे।
GRAM-2026 में देश–विदेश के कृषक और विशेषज्ञ होंगे शामिल
उल्लेखनीय है कि GRAM-2026 के राज्य स्तरीय आयोजन में देश-विदेश के किसान और पशुपालक भाग लेंगे। उन्नत तकनीक साझा करने के लिए विभिन्न प्रदर्शक फर्में भी शामिल होंगी। उन्नत कृषि, जल प्रबंधन और फसल विविधीकरण जैसे नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और तकनीकी जानकार इस आयोजन में अपने अनुभव साझा करेंगे।



























Comments