बीएसए का कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में औचक निरीक्षण, छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता और सुविधाओं की परखी हकीकत

जनपत की खबर , 123

लखनऊ।
विकासखंड बक्शी का तालाब स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विपिन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीएसए ने विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का गहन निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने कक्षा 7 की छात्रा निहारिका एवं नैना से मीना मंच की कहानी से संबंधित पाठ पढ़वाया और उनकी शैक्षणिक समझ का आकलन किया। इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं से विद्यालय की समय-सारणी के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। वहीं, कक्षा 6 की छात्रा भूमिका ने विद्यालय में नियमित रूप से कराए जाने वाले योग एवं व्यायाम संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी।
बीएसए विपिन कुमार ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और गतिविधियों को लेकर संतोष व्यक्त किया, साथ ही कुछ बिंदुओं पर और सुधार के निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्यालय की वार्डन स्वातिनी को निर्देशित किया कि पात्र छात्राओं का राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में अनिवार्य रूप से आवेदन कराया जाए तथा उन्हें नियमित और योजनाबद्ध तरीके से परीक्षा की तैयारी कराई जाए।
इस अवसर पर उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी प्रीती शुक्ला ने बताया कि विद्यालय की छात्राओं को छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए नियमित ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से तैयारी कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकें।
बीएसए ने स्पष्ट किया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का उद्देश्य वंचित वर्ग की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और अनुकूल वातावरण प्रदान करना है, और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और छात्राओं की सर्वांगीण विकास गतिविधियों पर निरंतर ध्यान दिया जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top