*मकर संक्रांति-खिचड़ी पर्व पर सीएम योगी ने दीं सभी नागरिकों को शुभकामनाएं*
जनपत की खबर Jan 15, 2026 at 10:20 AM , 121गोरखपुर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त में प्रातः चार बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा के अनुसार महायोगी गुरु गोरखनाथ को विधि-विधान से आस्था की पवित्र खिचड़ी अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने शिवावतार महायोगी से लोकमंगल तथा प्रदेशवासियों समेत सभी नागरिकों के सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना की।
खिचड़ी अर्पण के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों, संतों और श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बुधवार से ही पूरे प्रदेश में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। लाखों श्रद्धालु गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित कर रहे हैं, वहीं प्रयागराज में संगम तट पर आस्था की पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। यह सिलसिला गुरुवार को भी निरंतर जारी है।
बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाना मेरा सौभाग्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में आज लाखों श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर भगवान गोरखनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर की विशिष्ट पूजा के उपरांत बाबा गोरखनाथ को आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाने का अवसर प्राप्त हुआ।”
जगत की आत्मा हैं सूर्यदेव
सीएम योगी ने मकर संक्रांति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह भारतीय पर्व-परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण उत्सव है। सूर्यदेव को जगत की आत्मा बताते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत का प्रतीक है। मकर संक्रांति के साथ ही सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं और उत्तरायण का आरंभ होता है। उत्तरायण काल में दिन बड़े और रातें छोटी होती हैं, जो जीवन में ऊर्जा और जीवंतता का संचार करता है।
देशभर में अलग-अलग रूपों में मनाया जाता है मकर संक्रांति पर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति ऐसा पर्व है जो देश के हर हिस्से में अलग-अलग नाम और परंपराओं के साथ मनाया जाता है। पूर्वी भारत में बिहू या तिलवा संक्रांति, पश्चिम में लोहड़ी, दक्षिण में पोंगल और उत्तर भारत में खिचड़ी संक्रांति के रूप में यह पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का किया अभिनंदन
मकर संक्रांति के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न धर्मस्थलों पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए सभी के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि एक ओर गोरखपुर में श्रद्धालु बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित कर रहे हैं, वहीं प्रयागराज में कल्पवासी, संतजन और श्रद्धालु संगम में मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती के सान्निध्य में आस्था की पवित्र डुबकी लगाकर अपनी साधना को सार्थक कर रहे हैं।































Comments