छात्राओं के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, समाज कल्याण विभाग व मदद फाउंडेशन के बीच एमओयू

राष्ट्रीय , 131

लखनऊ:
छात्राओं के समावेशी विकास, डिजिटल साक्षरता और तकनीकी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में मंगलवार को गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में मदद फाउंडेशन के सहयोग से समन्वय बैठक एवं टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग और मदद फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण तथा मदद फाउंडेशन के संस्थापक श्री राजेश मणि उपस्थित रहे।
हर बालिका विद्यालय को 20-20 टैबलेट
कार्यक्रम के दौरान जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, गोरखपुर एवं महराजगंज जनपदों के प्रधानाचार्यों को कुल 40 टैबलेट प्रदान किए गए। ये टैबलेट संबंधित विद्यालयों की छात्राओं के शैक्षणिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय को 20-20 टैबलेट दिए गए हैं। यह पहल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है, जिसकी सफलता के आधार पर भविष्य में अन्य विद्यालयों को भी टैबलेट उपलब्ध कराए जाने की योजना है।
‘डिजिटल शिक्षा समय की अनिवार्य आवश्यकता’
इस अवसर पर टैबलेट वितरित करते हुए राज्य मंत्री श्री असीम अरुण ने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज के समय की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी है। तकनीकी संसाधनों के माध्यम से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस पहल को बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय एवं दूरदर्शी कदम बताया।
‘शिक्षा के क्षेत्र में एक सार्थक प्रयास’
मदद फाउंडेशन के संस्थापक श्री राजेश मणि ने समाज कल्याण विभाग के साथ इस सहयोग को सामाजिक उत्थान और शिक्षा के क्षेत्र में एक सार्थक प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल संसाधनों के माध्यम से छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के निदेशक श्री संजीव सिंह, उपनिदेशक श्री आनंद कुमार सिंह, श्री जे. राम सहित विभागीय अधिकारी एवं मदद फाउंडेशन की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top