गणतंत्र दिवस 2026: सचिवालय में भव्य आयोजन की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
जनपत की खबर Jan 09, 2026 at 03:45 PM , 102लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सचिवालय में गणतंत्र दिवस 2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस समारोह पूर्ण भव्यता, गरिमा एवं गौरवपूर्ण वातावरण में आयोजित किया जाए। मुख्य सचिव ने अति विशिष्ट व्यक्तियों एवं महानुभावों के लिए सचिवालय परिसर में समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधान भवन के समक्ष स्थित मुख्य भवन एवं लोक भवन के बाह्य भाग की समयबद्ध रंगाई-पुताई तथा समुचित सफाई कराने को कहा। साथ ही विधान भवन एवं लोक भवन के सामने स्थापित स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह, स्वर्गीय गोविंद वल्लभ पंत, स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी सहित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने लोक भवन, विधान भवन, बापू भवन, नवीन भवन, शास्त्री भवन, योजना भवन, दरबारी लाल शर्मा भवन एवं विकास भवन को आकर्षक विद्युत सजावट से प्रकाशमान करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि विधान भवन एवं लोक भवन की फसाड लाइटिंग तथा अन्य विद्युत सजावट की ट्रायल 24 जनवरी 2026 को अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत उन्होंने शासन एवं प्रशासन के बीच पूर्ण समन्वय स्थापित करते हुए सभी सुरक्षा मानकों की गहन जांच एवं परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन अमृत अभिजात सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।































Comments