बंगाल-असम समेत पांच राज्यों की 475 सीटों पर मतदान शुरू
हेडलाइंस Apr 06, 2021 at 09:55 AM , 382नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में 6 अप्रेल यानि आज तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और केरल की भी सभी 140 सीटों पर वोटिंग हो रही है।असम में आज तीसरे और आखिरी चरण का मतदान है, जबकि पश्चिम बंगाल की 31 सीटों पर तीसरे चरण के लिए वोटिंग हो रही है।
केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी की सभी 30 सीटों पर भी आज मतदान हो रहा है। विधानसभा चुनावों के इतर मल्लपुरम और कन्याकुमारी की लोकसभा सीटों पर भी आज वोटिंग हो रही है। इन सभी राज्यों के चुनाव नतीजे 2 मई को ही घोषित किए जाएंगे।
तमिलनाडु में 6.28 करोड़ से ज्यादा मतदाता 3998 में 234 लोगों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चुनाव में सीएम पलानीस्वामी, उप मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन समेत एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरण के साथ-साथ कमल हासन और बीजेपी चीफ एल मुरुगन की प्रतिष्ठा दांव पर रहेगी। यहां देखने वाली बात यह है कि क्या इस बार एआईएडीएमके हैट्रिक लगाएगी या फिर एक दशक बाद राज्य की सत्ता में डीएमके की वापसी करेगी।
पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान हो रहा है। इस चरण में, ग्रामीण हावड़ा, सुंदरबन क्षेत्र, डायमंड हार्बर और दक्षिण 24 परगना में बारुईपुर बेल्ट और हुगली जिले के कुछ हिस्सों में चुनाव हो रहा है। बंगाल विधानसभा के 31 स्थानों के लिए कुल 78,52,425 मतदाता 205 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
असम की 40 विधानसभा सीटों पर भी आज मतदान हो रहा है। अंतिम चरण में मतदाता वरिष्ठ मंत्री हिमंत बिस्व सरमा, उनके पांच कैबिनेट सहयोगियों और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रणजीत कुमार दास सहित 337 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।



























Comments