फतेहपुर में जमीन विवाद: अनुसूचित जाति की महिलाओं का निर्माण कार्य रुकवाने का आरोप, प्रशासन से न्याय की गुहार

जनपत की खबर , 219

फतेहपुर। जनपद के चक बिसौली क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। पीड़िता शिव सखी का आरोप है कि वह संबंधित भूमि की वैध स्वामिनी हैं और उनके पास दाखिल–खारिज व बैनामा सहित सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं।
शिव सखी के अनुसार, 17 जून 2025 को उन्होंने विनीता देवी के साथ मिलकर गाटा संख्या 207 में स्थित भूमि का बैनामा कराया था। यह बैनामा 20×40 आकार के दो प्लॉटों के लिए किया गया है। पीड़िताओं का कहना है कि वे दोनों अनुसूचित जाति से संबंधित हैं और जमीन विक्रेता भी अनुसूचित जाति का ही है, जिससे बैनामा पूरी तरह वैधानिक है।
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू कराया और कार्य आधा पूरा हो चुका था, तभी जौहर खान नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और जबरन निर्माण कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने मोरम, गिट्टी और ईंटें मौके पर मंगाकर निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की।
पीड़िताओं का कहना है कि सभी वैध दस्तावेज होने के बावजूद उन्हें डराया–धमकाया जा रहा है और उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
शिव सखी और विनीता देवी ने जिला प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा उन्हें अपनी भूमि पर शांतिपूर्वक निर्माण कार्य करने की अनुमति दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने आरोपित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और स्थानीय लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top