अलीनगर सुनहरा में बीएलओ की लापरवाही! घर-घर सर्वेक्षण छोड़ बेसिक स्कूल में बैठकर निपटा रहे काम
राष्ट्रीय Nov 14, 2025 at 08:30 PM , 214लखनऊ (170 सरोजनीनगर विधानसभा):
सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के अलीनगर सुनहरा गांव में तैनात बीएलओ (Booth Level Officer) द्वारा मतदाता सर्वेक्षण कार्य में भारी लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, संबंधित बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने के बजाय एक ही स्थान पर बैठकर लोगों से विवरण ले रहे हैं, जिससे कई पात्र मतदाताओं के नाम छूटने और गलत प्रविष्टियाँ दर्ज होने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्यशैली चुनाव आयोग के स्पष्ट निर्देशों का उल्लंघन है, जिसमें हर घर जाकर सत्यापन करने की अनिवार्यता बताई गई है। बीएलओ की इस लापरवाही से मतदाता सूची की शुद्धता प्रभावित हो सकती है।
स्कूल में बैठकर काम करने से पढ़ाई बाधित
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बीएलओ बेसिक स्कूल के एक कक्ष में बैठकर यह पूरा कार्य निपटा रहे हैं, जिससे बच्चों के नियमित पठन-पाठन में बाधा उत्पन्न हो रही है। हेडमास्टर द्वारा आपत्ति जताए जाने के बावजूद, वीआरसी 170 सरोजनीनगर के नायब तहसीलदार द्वारा फोन करके दबाव बनाया जा रहा है कि बीएलओ को कमरा उपलब्ध कराया जाए। जबकि निर्वाचन आयोग के स्पष्ट आदेश हैं कि बीएलओ घर घर जाकर सर्वेक्षण कार्य को समय सीमा में पूर्ण करें। ऐसी मनमानी से स्कूल प्रशासन और स्थानीय अभिभावकों में नाराज़गी है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही और मनमानी को रोका जा सके।



























Comments