अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन भारतीय संस्कृति और अध्यात्म को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल-जयवीर सिंह

अन्य खबरे , 279

अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, संस्कृति विभाग और पर्यटन विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का 10 फरवरी, 2025 को भव्य आयोजन

सुप्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा द्वारा अभिनीत महानाट्य ”हमारे राम” का मंचन होगा
लखनऊ: 07 फरवरी, 2025 

अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव के तहत पर्यटन विभाग और अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, संस्कृति विभाग द्वारा 10 फरवरी, 2025 को सुबह 11 बजे से गोमतीनगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य दुनिया भर में श्री राम की संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिकता को फैलाना है। इस अवसर पर श्री राम संवाद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा द्वारा अभिनीत महानाट्य हमारे राम का मंचन किया जाएगा, जो राम की महानता, त्याग, बलिदान और आदर्श जीवन मूल्यों को दर्शकों तक पहुंचाएगा।
प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी आज यहां दी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन भारतीय संस्कृति और धर्म को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि यह हमारी गौरवशाली संस्कृति और आदर्श जीवन मूल्यों का प्रतीक भी है। यह आयोजन न केवल भारतीय संस्कृति की महानता से परिचित करायेगा, बल्कि आने वाली पीढियों को भी अपने धार्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का एक अद्वितीय अवसर प्रदान करेगा।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि विश्व को और नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक धरोहर के प्रति आकर्षित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, पर्यटन विभाग के सहयोग से पहली बार नेपाल और श्रीलंका समेत राम वन गमन पथ समेत 11 स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में लखनऊ में 10 फरवरी को सुबह 11 बजे से देर शाम तक आयोजन किए जा रहे हैं। जिसमें रामायण एवम् वेद विज्ञान क्विज़ प्रतियोगिता पूर्वाह्न 11ः30 से 12ः30 बजे तक, ”विश्वव्यापी श्री राम”-संवाद: आशुतोष राणा के साथ अपराह्न 1 से 2 बजे तक,  “विश्व स्तर पर रामलीला” और “राम वन गमन पथ” प्रदर्शनी, पूर्वाह्न 10 बजे से रात 9 बजे तक। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण आशुतोष राणा अभिनीत हमारे राम महानाट्य शाम 5ः30 बजे से होगा। 
विभिन्न प्रश्नों का जवाब देने पर हमारे राम महानाट्य देखने के लिए प्रवेश पास प्राप्त किये जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त संस्थान के ईमेल irvriayodhya@gmail.com  पर राम, रामायण, वेद और उत्तर प्रदेश पर्यटन स्थलों पर कविता, लेख लिखने पर पास प्राप्त किए जा सकते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top