वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत इको पर्यटन बोर्ड ने सूरजपुर वेटलैंड में वन्य जीवों एवं पशु पक्षियों के संरक्षण के लिए नेचर वॉक का आयोजन किया

अन्य खबरे , 258

सूरजपुर वेटलैंड को इको टूरिज्म स्पॉट के रूप में विकसित किया जायेगा-जयवीर सिंह 

 

लखनऊ: 07 अक्टूबर, 2024

 

  विगत् 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर, 2024 तक आयोजित वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत लोगों में वन्य प्राणियों के संरक्षण तथा पर्यावरण के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए गौतमबुद्ध नगर स्थित सूरजपुर वेटलैंड में लोगों को भ्रमण कराया गया। इस वेटलैंड में अनेक दुर्लभ पशु-पक्षी देखने को मिलते हैं। इस नेचर वाक का उद्देश्य वन संपदा एवं वातावरण को बचाये रखना है। यह नेचरवाक इको टूरिज्म डेबलपमेंट बोर्ड, वन विभाग एवं एशियाई ऐडवेंचर संस्था द्वारा आयोजित की गयी।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि नेचर वाक का नेतृत्व इको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड के सलाहकार राजीव गर्ग ने किया जो वन विभाग के विभागाध्यक्ष पद से सेवा निवृत्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि नेचर वाक के दौरान ब्लैक नेक स्टॉक, स्पाटेड आउटलेट, बटरफलाई सहित अन्य पक्षियों की पहचान तथा विशेषता से परिचित कराया गया।

श्री जयवीर सिंह ने बताया कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए सुबह भ्रमण आवश्यक है। पार्कों के साथ-साथ वन क्षेत्रों में भी भ्रमण के लिए लोगों को जाना चाहिए। यह आप में रोमांच पैदा करता है। पशु-पक्षियों की कई प्रजातियां जिन्हें हम किताबों या डिजिटल प्लेटफार्म पर पढ़ते-देखते रहे हैं, वह सूरजपुर वेटलैंड या अन्य पारिस्थितिकीय पर्यटन स्थलों पर साक्षात देखने को मिलते हैं। खासकर यहां बच्चों को अवश्य घूमने लाना चाहिए। इससे वह बहुत कुछ सीखेंगे-समझेंगे। इससे उनका सर्वांगीण विकास होगा। सूरजपुर वेटलैंड को इको टूरिज्म स्पॉट के रूप में विकसित करने पर विचार-विमर्श हुआ। 

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि, उत्तर प्रदेश में प्रचुर वन संपदा है। यहां अनेक प्रकार के वन्य जीव देखने को मिलते हैं। इसमें बहुत से ऐसे जीव भी हैं, जो सामान्य तौर देखने को नहीं मिलते हैं। अधिक से अधिक लोग भ्रमण करें। ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा निरंतर पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। ताकि, पर्यटक यहां से सुखद अनुभव लेकर लौटें।

Related Articles

Comments

Back to Top