पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में 535 करोड़ की अनियमितता के आरोप, जांच की मांग

अन्य खबरे , 170

लखनऊ।

आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे अथॉरिटी द्वारा बनाए गए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में समय पूर्व बोनस भुगतान में 535 करोड़ की अनियमितता के आरोपों की जांच की मांग की है.

 भारत के प्रधानमंत्री तथा यूपी के मुख्यमंत्री को भेजी अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वस्त सूत्रों से कतिपय ऑडिट रिपोर्ट प्राप्त हुए हैं.

 इन ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार जून से जुलाई 2022 में अकाउंटेंट जनरल ऑडिट दो, लखनऊ उत्तर प्रदेश कार्यालय द्वारा एक्सप्रेसवे अथॉरिटी के लेखा परीक्षा में पाया गया कि जहां सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा समय पूर्व बोनस भुगतान हेतु अधिकतम पांच प्रतिशत की धनराशि तय की गई है, वहीं पूर्वांचल एक्सप्रेसवे प्रकरण में उसकी जगह मनमाने ढंग से छह प्रतिशत भुगतान किया गया.  इस कारण 6 ठेकेदारों को 104.10 करोड रुपए का अधिक भुगतान हुआ.

 इसी प्रकार ऑडिट रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि जहां यह भुगतान अंतिम पूर्णता प्रमाणपत्र के बाद दिया जाना होता है, वहीं इन मामलों में अनंतिम पूर्णता प्रमाणपत्र के बाद ही भुगतान कर दिया गया, जिसके कारण 438.8 करोड रूपए राजस्व की हानि हुई.

 इस प्रकार ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार गलत ढंग से समय पूर्व बोनस भुगतान देने से 535.5 करोड रूपए की राजस्व की हानि हुई, जो एक गंभीर अनियमितता है.

अमिताभ ठाकुर ने इस पूरे प्रकरण की जांच कराते हुए उत्तरदायित्व तय कराए जाने और अधिक किए गए भुगतान की वसूली किए जाने की मांग की है.

Related Articles

Comments

Back to Top