*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील मलिहाबाद में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन*
जनपत की खबर Aug 03, 2024 at 08:30 PM , 354*जनपद की पांचो तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 737 प्रकरण प्राप्त हुए, 150 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर किया गया*
*तहसील मलिहाबाद में ज़िलाधिकारी द्वारा किया गया मौके पर 68 प्रकरणों का निस्तारण*
*सभी अधिकारी विधिक प्रक्रियाओ के अनुपालन करते हुए ससमय प्रकरणों का निस्तारण करना कराएंगे सुनिश्चित-ज़िलाधिकारी*
*समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण करके शिकायतकर्ताओं को कराया जाए अवगत-ज़िलाधिकारी*
*त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण के सख्त निर्देश-जिलाधिकारी*
लखनऊ 03 अगस्त 2024।
जिलाधिकारी श्री सूर्य पाल गंगवार ने बताया कि जनपद की पांचों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किये गये । जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाना सरकार की प्राथमिकता है जिसके क्रम में तहसील व थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसमें स्थानीय नागरिक उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी जनता की इन शिकायतों का निस्तारण त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से एक सप्ताह में करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में यदि कोई समस्या है तो उसका कारण स्पष्ट करते हुए अवगत कराना सुनिश्चित किया जाये।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जाकर जांच कर गुणवत्तापूर्वक निस्तारण करायें और यदि संज्ञान में आया कि निस्तारण की गुणवत्ता से शिकायत कर्ता संतुष्ट नही है या निस्तारण में लापरवाही बरती गयी है तो सम्बन्धित के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।
श्री सूर्य पाल गंगवार ने बताया कि तहसील मलिहाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 180 प्रकरण प्राप्त हुये, जिसमें से 68 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों को निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभागों को इस निर्देश के साथ उपलब्ध करा दिये गये कि उनका निस्तारण एक सप्ताह में सुनिश्चित करा दिया जायें।
उन्होंने बताया कि आज के सम्पूर्ण समाधान दिवसो में तहसील सदर में 54 में से 04 प्रकरण का निस्तारण प्रकरण, तहसील मलिहाबाद में 180 में से 68 प्रकरण का निस्तारण, तहसील बी0के0टी0 में 175 में से 38 प्रकरण का निस्तारण, तहसील मोहनलालगंज में 219 में से 29 प्रकरण का निस्तारण तथा तहसील सरोजनीनगर में 109 में से 11 प्रकरण का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभागों को उपलब्ध करा दिये गये। आज जनपद में पुलिस 125, राजस्व एवम पुलिस संयुक्त 08, राजस्व 362, विकास 56, शिक्षा 02, समाज कल्याण 30, चिकित्सा 00 तथा अन्य 154 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए है।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए की ऐसे प्रकरण जो तहसील दिवसों और जन सुनवाई में बार बार आते है उनका गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और अगर प्रकरण निस्तारण योग्य है उसको तत्काल निस्तारित करना सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी अपने कार्यालय की कार्यप्रणाली को बदले और ऐसी व्यवस्था बनाए की शिकायतकर्ता को दुबारा उसी शिकायत के लिए कार्यालय आना ना पड़े।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी श्री अमित कुमार, उप जिलाधिकारी तहसील मलिहाबाद श्री सौरभ सिंह, तहसीलदार मलिहाबाद, पुलिस, समाज कल्याण सहित विभिन्न स्तरों के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।































Comments