मुख्यमंत्री ने जनपद सम्भल में आगामी 19 फरवरी को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की

जनपत की खबर , 177

कार्यक्रम स्थल, जनसभा स्थल तथा हेलीपैड का निरीक्षण किया 

आयोजन की सभी तैयारियों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए

लखनऊ: 12 फरवरी, 2024
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद सम्भल में 19 फरवरी, 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्री कल्कि धाम के प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, जनसभा स्थल तथा हेलीपैड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की सभी तैयारियों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के उपरांत आहूत समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों से कार्यक्रम हेतु किए जा रहे प्रबन्धों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं। 
मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगंतुकों एवं संतों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। ऐंचोड़ा कंबोह तक आने वाले सभी मार्गों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया जाए। शौचालय और पेयजल आदि की भी समुचित व्यवस्था की जाए। सभी सम्बन्धित विभाग मिशन मोड पर कार्य करें।
इस अवसर पर कृषि राज्यमंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी, कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र, पुलिस महानिदेशक श्री प्रशांत कुमार सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------

Related Articles

Comments

Back to Top