मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट का शुभारम्भ किया
जनपत की खबर Dec 15, 2023 at 11:30 PM , 303जनभावना का सम्मान करने वाली सरकार सुरक्षा और
सुशासन देती, इससे समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता : मुख्यमंत्री
जनता द्वारा चुनी गयी वर्तमान प्रदेश सरकार में विकास
और खुशहाली का वातावरण हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा
होटल की कार्यदायी संस्था ने पर्यटन विभाग की नीति का लाभ उठाते
हुए इस फाइव स्टार होटल को जमीनी धरातल पर उतारने का काम किया
गोरखपुर 20 लाख की आबादी का महानगर होने के साथ ही, पूर्वी
उ0प्र0 व नेपाल की बड़ी आबादी के लिए शिक्षा और नौकरी का माध्यम बन रहा
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की एक बड़ी ताकत बन रहा
उ0प्र0 एक्सपोर्ट हब के रूप में दो लाख
करोड़ रु0 के स्थानीय उत्पादों का निर्यात कर रहा
नये भारत का नया उ0प्र0 भारत की
सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर
यू0पी0 ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के अन्तर्गत प्राप्त
प्रस्तावों के क्रम में पर्यटन नीति के अन्तर्गत होटल बन रहे
लखनऊ : 15 दिसम्बर, 2023
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि जब जनभावना का सम्मान करने वाली सरकार आती है, तो वह सुरक्षा और सुशासन देती है। इससे समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। जनता द्वारा चुनी गयी वर्तमान प्रदेश सरकार में विकास और खुशहाली का वातावरण हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। जब सुरक्षा का बेहतर वातावरण होता है, तो विकास का नया दौर दिखाई पड़ता है। निवेश बढ़ता है और सुशासन जमीनी धरातल पर दिखायी देता है। इससे नौजवानों को घर के निकट ही रोजगार मिलता है।
मुख्यमंत्री जी आज गोरखपुर में पर्यटन के प्रसार के दृष्टिगत रामगढ़ताल के समीप होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट का शुभारम्भ करने के बाद इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने नवनिर्मित इस फाइव स्टार होटल का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर में कई नयी चीजें हो रही हैं। होटल के साथ आज यहां क्रूज सेवा का भी शुभारम्भ हो रहा है। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि राज्य के नौजवानों को नौकरी के लिए बाहर नही जाना पड़ेगा, बल्कि बाहर के लोग रोजगार के लिए यहां आएंगे। इस होटल का स्टाफ भी विभिन्न प्रान्तों से आया है। इससे पता चलता है कि अब गोरखपुर स्थानीय युवाओं के साथ-साथ देश के अन्य कुशल कार्यबल को रोजगार देने का माध्यम बन रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने होटल की कार्यदायी संस्था को बधाई देते हुए कहा कि संस्था ने पर्यटन विभाग की नीति का लाभ उठाते हुए इस फाइव स्टार होटल को जमीनी धरातल पर उतारने का काम किया है। आज से 10 वर्ष पहले जनपद गोरखपुर उजाड़ अवस्था में था। वर्तमान सरकार का शासन आने के बाद पर्यटन विभाग के जर्जर भवन में इस होटल के निर्माण की कार्यवाही शुरू हुई। सरकार की सोच फाइव स्टार है, जिसके कारण इस तरह के होटलों का निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर 20 लाख की आबादी का महानगर होने के साथ ही, पूर्वी उत्तर प्रदेश व नेपाल की बड़ी आबादी के लिए शिक्षा और नौकरी का माध्यम बन रहा है। सड़क के साथ गोरखपुर की एयर कनेक्टविटी बेहतर हुई है। अन्य प्रान्तों के लोग अब यहां पर्यटन के लिए आते हैं। परिश्रम के साथ अब यहां परिवार के साथ मनोरंजन हेतु क्रूज, होटल या अन्य जगहों पर भ्रमण भी करने की सुविधा प्राप्त हो रही है। गोरखपुरवासियों से अपने शहर को सुन्दर बनाने के लिए योगदान देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अपने गांव व शहर के प्रति भावनात्मक लगाव रखेंगे, तो समृद्धि अवश्य आपके पास आयेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर में रामगढ़ताल संवर गया है, अब यहां फिल्मों की शूटिंग भी होने लगी है। पर्यटन विभाग लुप्तप्राय सम्पत्ति को होटल में परिवर्तित कर जन आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम बना रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की एक बड़ी ताकत बन रहा है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में हम वर्ष 2027 तक भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में शामिल करने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारा यह दायित्व है कि अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। इसी दायित्व के निर्वहन में यह प्रयास किये जा रहे हैं। अयोध्या आज एक नई अयोध्या के रूप में सामने आ रही है। वहां दो दर्जन पांच सितारा होटलों के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। कुछ पर कार्य भी चल रहा है। उत्तर प्रदेश जहां पहले कोई आना नहीं चाहता था, आज वहां होटल, इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टविटी आदि क्षेत्रों में विश्व का हर निवेशक निवेश करना चाहता है। आज निवेशक गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी जैसे शहरों में कार्य करना चाहता है।
मुख्यमंत्री जी ने होटल मैरियट ग्रुप से अपने शानदार होटल में प्रदेश के स्थानीय उत्पाद के बारे में भी पर्यटकां को अवगत कराने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के वोकल फार लोकल के आह्वान के क्रम ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के रूप में प्रत्येक जिले के प्रोडक्ट को पहचान दे रही है। उत्तर प्रदेश आज एक्सपोर्ट हब के रूप में दो लाख करोड़ रुपये के स्थानीय उत्पादों का निर्यात कर रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा अमेजन एवं अन्य ऐसी संस्थाओं से एम0ओ0यू0 किये गये हैं, जिसके माध्यम से इन उत्पादों की ऑनलाइन डिलिवरी हो सकती है। यह सुविधाएं रोजगार सृजन में भी सहायक हो रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश नये भारत का नया उत्तर प्रदेश बन चुका है। यह भारत की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हो चुका है। विगत फरवरी माह में आयोजित यू0पी0 ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के अन्तर्गत 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुये हैं। इससे 01 करोड़ 10 लाख युवाओं को नौकरी की गारंटी प्राप्त हुई है। यह प्रस्ताव हर जनपद के लिए प्राप्त हुए हैं। उन्हीं प्रस्तावों के क्रम में पर्यटन नीति के अन्तर्गत होटल बन रहे हैं। यह होटल समूह प्रदेश सरकार द्वारा शुरू हेरिटेज होटल निर्माण की नई श्रृंखला से भी जुड़कर पर्यटन विकास में अपना योगदान दे सकता है। बुन्देलखण्ड में लगभग 31 ऐसे किले हैं, जिनको होटल के रूप में विकसित करके उस क्षेत्र में पर्यटन को तेजी से बढ़ाया जा सकता है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस प्रकार की सम्भावनाएं है। फाइव स्टार होटल के साथ होम स्टे की एक नई व्यवस्था के साथ पर्यटन को आगे बढ़ाया जा सकता है। इससे एक नई संस्कृति के विकास के साथ लोग आकर्षित होंगे और दुनिया गोरखपुर आयेगी।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज प्रदेश में कानून के राज के कारण प्रदेश निवेश का आकर्षक गन्तव्य बन गया है। गोरखपुर में आज चहुंमुखी विकास हो रहा है। प्रदेश में कारोबार का माहौल बहुत तेजी से आगे बढ़ा है। बेहतरीन सुरक्षा वातावरण के कारण निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। वे आज उत्तर प्रदेश में उद्योग स्थापित कर रहे हैं। गोरखपुर के कायाकल्प में यह होटल महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। सरकार ने होटलां के वर्गीकरण के लिए एक नई नीति बनाई है, ताकि निवेशक निवेश के लिए आकर्षित हो सके। होटल को उद्योग का दर्जा देकर उसका लाभ भी उन्हें दिया जायेगा।
इस अवसर पर सांसद श्री रविकिशन शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री जी के सलाहकार श्री अवनीश कुमार अवस्थी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-------
पत्र सूचना शाखा
(मुख्यमंत्री सूचना परिसर)
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उ0प्र0
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के रामगढ़ताल में अत्याधुनिक
सुविधाओं से युक्त क्रूज ‘लेक क्वीन’ का लोकार्पण किया
गोरखपुर व पूर्वी उ0प्र0 वासियों को एक नया उपहार मिल रहा : मुख्यमंत्री
क्रूज को तैयार करने में स्थानीय श्रमिकों ने अपना योगदान दिया,
जो वोकल फार लोकल को बढ़ावा देने का एक अच्छा उदाहरण
वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री जी के सपने का भारत एक विकसित भारत होगा
प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप उ0प्र0 में इस प्रकार
पर्यटन सुविधाआें के विकास के साथ-साथ चहुंमुखी विकास के पथ पर अग्रसर
प्रदेश में इनलैण्ड वॉटर-वे अथॉरिटी का गठन करके राप्ती, सरयू, यमुना तथा गंगा नदियां में क्रूज सेवा को बढ़ावा देने के लिए कार्य तेजी से किया जा रहा
गोरखपुर विकास प्राधिकारण तथा पर्यटन विभाग वॉटर
स्पोर्ट्स कार्यक्रम को आगे बढ़ाकर इसके विकास में तेजी लाये
लखनऊ : 15 दिसम्बर, 2023
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद गोरखपुर के रामगढ़ताल में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रूज ‘लेक क्वीन’ का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर व पूर्वी उत्तर प्रदेशवासियों को एक नया उपहार मिल रहा है। रामगढ़ताल में अत्याधुनिक सुविधाआें से युक्त यह क्रूज दो मंजिला है, जिसमें प्रथम तल पर रेस्टोरेन्ट, द्वितीय तल में फाइन डाइनिंग है। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा सकता है। क्रूज में एक साथ 100 पर्यटक आनन्द ले सकते हैं। क्रूज को तैयार करने में स्थानीय श्रमिकों ने अपना योगदान दिया है, जो वोकल फार लोकल को बढ़ावा देने का एक अच्छा उदाहरण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर व पूर्वी उत्तर प्रदेश को पर्यटन विभाग, विकास के क्रम में दो महत्वपूर्ण उपहार दे रहा है। हम जितना अपना शहर स्वच्छ रखेंगे, उतनी ही पर्यटन की सम्भावनाएं बढ़ेंगी। यहां अन्य राज्यों के लोग आयेंगे, जिससे नये रोजगार का सृजन होगा। जैसे जीवन चक्र एक दूसरे के साथ जुड़े हैं। ऐसे ही पर्यटन एक चक्र है, जो एक दूसरे के साथ जुड़ा हुआ है। लोगों को अच्छा माहौल मिलेगा और वह सुरक्षित महसूस करेंगे। जिससे अन्य राज्यों के लोग यहां पर निवेश करने, रोजगार देने व रोजगार लेने के लिए आयेंगे तो सर्वांगीण विकास के पथ पर उत्तर प्रदेश अग्रसर होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश व प्रदेश आगे बढ़ेगा और वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सपने का भारत एक विकसित भारत होगा। इस भारत में सर्वत्र खुशहाली होगी। उसी खुशहाली के लिए ढेर सारी सम्भावनाआें को विकसित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश में इस प्रकार के पर्यटन की सुविधाआें के विकास के साथ-साथ चहुंमुखी विकास के पथ पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक लैण्डलॉक प्रदेश है। इसलिए यहां पर कोई जलमार्ग की सुविधाएं विकसित नहीं हो सकतीं। प्रधानमंत्री जी ने इसके बीच का रास्ता निकाल दिया है। वाराणसी से हल्दिया के बीच गंगा जी में इनलैण्ड वॉटर-वे बनाकर क्रूज सेवा प्रारम्भ की गयी है। प्रदेश में इनलैण्ड वॉटर-वे अथॉरिटी का गठन करके राप्ती, सरयू, यमुना तथा गंगा नदियां में क्रूज सेवा को बढ़ावा देने के लिए कार्य तेजी से किया जा रहा है। गोरखपुर में रामगढ़ताल एक नया पर्यटन का स्थल बन चुका है। इन सभी को विकसित करने में हम सबका प्रयास निरन्तर आगे बढ़ना चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर विकास प्राधिकारण तथा पर्यटन विभाग से कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स के कार्यक्रम को आगे बढ़ाकर इसके विकास में तेजी लाये।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी के साथ चहुंमुखी विकास कर रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर में कोर्टयार्ड मैरियट होटल व क्रूज लेक क्वीन का उद्घाटन एक ऐतिहासिक कार्य है। आज उत्तर प्रदेश पूरी दुनिया में पर्यटन का बेहतर स्थल बन गया है। पर्यटन विभाग मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पूरे सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ रहा है। यह एक सकारात्मक सोच का ही परिणाम है। प्रदेश का पर्यटन विभाग प्रत्येक जनपद व पंचायतों में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का समुचित सौन्दर्यीकरण सतत प्रगति के साथ कर रहा है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद श्री रविकिशन शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री जी के सलाहकार श्री अवनीश कुमार अवस्थी तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
------































Comments