सिंचाई एवं जलसंसाधन विभाग के 167 अधिशासी अभियंताओं को मिलेगी मनचाही तैनाती
जनपत की खबर Dec 13, 2023 at 09:10 PM , 445पारदर्शी स्थानांतरण व्यवस्थान्तर्गत 167 अधिशासी अभियंताओं (सिविल) द्वारा ऐच्छिक विकल्प का चयन किया गया
ऐच्छिक विकल्प चयन आधारित प्रक्रिया पर अभियन्ताओं द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की
समस्त अभियंतगण अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें
-श्री स्वतंत्र देव सिंह
दिनांक 13 दिसंबर 2023
सिंचाई एवं जलसंसाधन विभाग के 167 अधिशासी अभियंताओं (सिविल) को मनचाही तैनाती दी जाएगी। निष्पक्ष एवं पारदर्शी स्थानांतरण व्यवस्थान्तर्गत 167 अधिशासी अभियंताओं (सिविल) द्वारा ऐच्छिक विकल्प का चयन किया गया, जिसके आधार पर स्थानांतरण आदेश अलग से जारी किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानांतरण हेतु पात्र अधिशासी अभियंताओं द्वारा ऐच्छिक विकल्प चयन आधारित पारदर्शी प्रक्रिया पर प्रसन्नता भी व्यक्त की गयी।
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री श्री रामकेश निषाद, प्रमुख सचिव श्री अनिल गर्ग की उपस्थिति में आज यहाँ सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के तेलीबाग स्थित डा० राम मनोहर लोहिया परिकल्प भवन के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में स्थानांतरण के पात्र अधिशासी अभियंताओं से उनकी वरीयता के आधार पर तबादले के लिए स्क्रीन पर खाली पदों का विवरण देते हुए प्रत्येक अधिशासी अभियंता से ज्येष्ठता के क्रम में बारी-बारी से रिक्त पद के सापेक्ष विकल्प लिए गए। अभियंताओं को उनकी ओर से बताये गए स्थान पर तैनाती का आदेश अलग से जारी किया जाएगा। जिन अभियंताओं ने पारिवारिक समस्या या गंभीर बीमारी की वजह से मुख्यालय पर रहने का आग्रह किया गया था उनको मुख्यालय पर ही रखा जाएगा।
जल शक्ति मंत्री ने इस अवसर पर अभियंताओं का मार्गदर्शन करते हुये कहा कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत निष्पक्ष स्थानांतरण /पदस्थापना सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने अभियन्ताओं से कहा कि आप सभी परिश्रम की पराकाष्ठा पर जाकर अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से करते हुए कृषकों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करायें। अन्नदाता किसान पूरे समाज की सेवा कर रहे हैं, किसानों की मदद करना हमारा दायित्व है। कृषकों को सिंचाई विभाग का पूर्णतः लाभ उपलब्ध करायें, नहरों में टेल तक पानी की पहुँच सुनिश्चित करायें। कोई भी अधिकारी और कर्मचारी अपने हेडक्वार्टर से बाहर नहीं रहेगा, अपने हेडक्वार्टर पर ही रह कर विभागीय दायित्वों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष श्री अनिल कुमार सिंह, प्रमुख अभियंता अखिलेश सचान, प्रमुख अभियन्ता (यांत्रिक) ओपी पाठक तथा सम्बंधित मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।































Comments