मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के सिलक्यारा टनल हादसे से सुरक्षित निकाले गये प्रदेश के श्रमिकों तथा उनके परिजनों से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम ली

अन्य खबरे , 211

सभी श्रमिकों ने अपने अनुभव व्यक्त करते हुए उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए किये गये प्रयासों के लिये आभार प्रकट किया

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के धैर्य और साहस की प्रशंसा की

लखनऊ: 01 दिसम्बर, 2023

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज अपने सरकारी आवास पर उत्तराखण्ड के सिलक्यारा टनल हादसे से सुरक्षित निकाले गये प्रदेश के श्रमिकों तथा उनके परिजनों से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम ली।
मुख्यमंत्री जी ने श्रमिकों के धैर्य और साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिलक्यारा टनल से सभी श्रमिकों की सकुशल वापसी सुखद है। केन्द्र और उत्तराखण्ड सरकार के अथक प्रयासों का परिणाम है कि सभी श्रमिक सुरक्षित अपने परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।  
सभी श्रमिकों ने अपने अनुभव व्यक्त करते हुए उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए किये गये प्रयासों के लिये आभार प्रकट किया। श्रमिकों ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार लगातार उनके सम्पर्क में थी। मुख्यमंत्री जी ने सभी श्रमिकों को अंगवस्त्र तथा उपहार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को सभी श्रमिकों को उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री जी से भेंट करने वाले श्रमिकों में जनपद लखीमपुर खीरी के श्री मंजीत, जनपद मिर्जापुर के श्री अखिलेश सिंह सहित जनपद श्रावस्ती के श्री राममिलन, श्री सत्यदेव, श्री अंकित कुमार, श्री संतोष, श्री जयप्रकाश तथा श्री राम सुन्दर शामिल थे।
---------

Related Articles

Comments

Back to Top