प्रदेशभर में स्वास्थ्यकर्मियों को लगा कोरोना वैक्सीन का टीका

जनपत की खबर , 570

लखनऊ। एक साल से कोविड-19 से लोगों को सुरक्षित करने में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों के लिए शनिवार को वह शुभ घड़ी आ ही गयी जब पूरे सम्मान के साथ सबसे पहले उन्हें कोविड का टीका लगाया गया। पहले दिन, पहला टीका लगवाने को लेकर प्रदेश के टीकाकरण केन्द्रों पर स्वास्थ्य कर्मियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। मोबाइल पर मिले सन्देश के मुताबिक़ स्वास्थ्य कर्मी केन्द्रों पर पहुंचे व प्रोटोकाल का पालन करते हुए टीका लगवाया।

अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया है कि पहले दिन प्रदेश के 31,700 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया, जिनको दूसरी डोज आगामी 15 फरवरी को दी जायेगी। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में महानिदेशक- स्वास्थ्य और महानिदेशक – परिवार कल्याण ने बलरामपुर अस्पताल में कोविड का टीका लगवाया।

किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में रेस्परेटरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष व कोरोना टास्क फ़ोर्स के सदस्य डॉ. सूर्यकान्त ने चिकित्सा विश्वविद्यालय के कलाम सेंटर में बने टीकाकरण केंद्र पर पहुंचकर सबसे पहले टीका लगवाया और लोगों को सन्देश दिया कि वैक्सीन को चुनें वायरस को नही।

राजधानी लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज में पहला वैक्सीनेशन टीका स्वास्थ्य कर्मी को लगाया गया 100 टीका 1 दिन में एक केंद्र पर लगाने की व्यवस्था की गई है। एरा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर फरीद अहमद ने बताया कि टीका लगने पर 28 दिन बाद फिर से उसी व्यक्ति को कोविड-19 दूसरा टीका लगाया जाएगा।

इसी तरह गोरखपुर में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने सबसे पहले टीका लगवाया । डॉ. नीरज ने बताया कि उन्हें टीके के प्रति कोई भय या आशंका कभी नहीं रही। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जीसी मौर्य ने सबसे पहले टीका लगवाकर महाअभियान का शुभारंभ किया।


 
झाँसी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ नरेंद्र सेंगर ने मेडिकल कॉलेज में शुरू हुए टीकाकरण अभियान में पहला टीका लगवाया। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई, इंजेक्शन का दर्द भी ऐसा था कि उन्हें पता ही नहीं चला कि कब इंजेक्शन लग गया।

मऊ जिले में टीकाकरण अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी अमित सिंह व एसपी सुशील धुले की मौजूदगी में सीएमओ डॉ. सतीश चन्द्र सिंह को पहला टीका लगाकर की गयी। टीका लगने के बाद सीएमओ ने कहा कि यह पूरी तरह से एक सामान्य प्रक्रिया है। दूसरा टीका मऊ के विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ. पदम जैन को लगा।

गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा सेक्टर-30 स्थित सुपर स्पेशियलिटी बाल चिकित्सालय एवं पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षण संस्थान (चाइल्ड पीजीआई) में जिलाधिकारी सुहास एलवाई और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक ओहरी की उपस्थिति में हेल्थ वर्कर शमीम को पहला और यहीं कार्यरत हेल्थ वर्कर रितु को दूसरा टीका लगाया गया।

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भी कैलाश अस्पताल में टीका लगवाया, डॉ. शर्मा को यह टीका चिकित्सक होने के नाते लगाया गया है । सीतापुर जिला महिला चिकित्सालय पर स्टाफ नर्स सरिता को एएनएम साधना द्वारा पहला टीका लगाया गया । अटरिया के हिन्द मेडिकल कॉलेज में सफाई कर्मी बिल्लू को पहला टीका लगाया गया।


 
बिजनौर जिला अस्पताल में सबसे पहले 57 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मी रतिराम शर्मा को टीका लगाया गया और आधे घंटे निगरानी कक्ष में रखने के बाद उनको घर जाने दिया गया। उन्होंने टीका लगने के बाद किसी भी तरह की दिक्कत-परेशानी नहीं होने की बात कही । इसी तरह की प्रतिक्रिया जिला महिला चिकित्सालय में टीका लगवाने वाले चिकित्सक डॉ. कपिल चौधरी की भी रही।

अमरोहा के जोया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहला टीका स्वास्थ्य केंद्र के चतुर्थ श्रेणी कर्मी आनंद कुमार को लगाया गया । आनन्द ने कहा कि टीका लगने के बाद कोई भी घबराहट या बेचैनी नहीं महसूस हुई। मुरादाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग को सबसे पहला टीका लगा, उन्होंने बताया कि वह टीकाकरण को लेकर काफी उत्साहित थे, टीका पूरी तरह सुरक्षित है और अपील की।

हरदोई जिला महिला चिकित्सालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पंकज कुमार सिंह को पहला टीका लगा । उन्होने बताया- सुबह मुझे पता चला कि मुझे ही सबसे पहले टीका लगेगा । पहले मैंने सोचा था कि 100 लोगों को टीका लगना है, जो सभी के साथ होगा वह मेरे साथ भी होगा।

उन्नाव में पहला टीका अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरके गौतम को जिला पुरुष चिकित्सालय में लगा । उन्होंने कहा- कोरोना के मरीजों को बहुत पास से देखा है, वैक्सीन लगने के बाद आत्मबल आ गया है । अपने को मजबूत महसूस कर रहा हूँ, लोगों से कहना चाहता हूँ कि वह कोरोना से डरें, वैक्सीन से नहीं क्योंकि यह उन्हें कोरोना से बचाएगी ।

कानपुर में सीएमओ डॉ. अनिल मिश्रा, औरैया में सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, बहराइच में डॉ. अतुल मिश्र, अयोध्या में सिस्टर इंचार्ज सुमन श्रीवास्तव, एटा में डॉ. राजेश कुमार अग्रवाल, बरेली में फार्मेसिस्ट अजय कनौजिया, कन्नौज में सफाई कर्मी दिलीप, ललितपुर में डॉ. मुकेश सेठ, संतकबीरनगर में डॉ. कुमार सिद्धार्थ, गोंडा में चतुर्थ श्रेणी कर्मी बाबू लाल और प्रयागराज में डॉ. प्रभात सिंह को पहले दिन पहला टीका लगाया गया।

महराजगंज में डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव, बरेली में डिस्ट्रिक्ट वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर शशिबिंद कुमार शुक्ल, चंदौली में डॉ. हरीश चन्द्र, शामली में वार्ड ब्वाय ओम पाल सिंह, जालौन में डॉ. संजीव गुप्ता, बाँदा में इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डॉ. शिव कुमार मौर्य और चित्रकूट में स्वास्थ्य कर्मी सुशील कुमार निगम को पहले दिन पहला टीका लगाया गया।

बाराबंकी में कोरोना की रोकथाम को लेकर केन्द्र सरकार की मुहीम के अंतर्गत शनिवार को शुरू हुऐ अभियान में 295 लोगो ने वैकसीनेशन कराया। जिला मख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम 6 बजे तक चले इस अभियान के तहत चार सौ रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगो में 105 लाभार्थी गैरहाजिर रहे। बताते चले की जनपद में चार केन्द्र स्थापित किये गये थे। प्रत्येक सेंटर पर सौ लोगो का रजिस्ट्रेशन किया गया था। शाम 6 बजे तक जारी सरकारी आकड़ो में जिला अस्पताल- 82, सतरिख सीएचसी -86, मयो हॉस्पिटल -67 एवं हिन्द मेडिकल कॉलेज में 60 लोगो ने लाभ उठाया।

Related Articles

Comments

Back to Top