*लखनऊ पुस्तक मेला की थीम होगी एक भारत श्रेष्ठ भारत* *बाल संग्रहालय चारबाग में 25 मार्च से किताबों का मेला*

अन्य खबरे , 403

*रोज सुबह से शाम तक चलेंगी विभिन्न साहित्यिक -सांस्कृतिक गतिविधियां*
 
*लखनऊ, 23 मार्च।* चारबाग स्थित बाल संग्रहालय लान में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक बहु प्रतीक्षित लखनऊ पुस्तक मेला आयोजित किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक निःशुल्क  प्रवेश वाले इस मेले में सभी तरह की किताबों पर न्यूनतम 10 प्रतिशत छूट मिलेगी।
मेले के बारे में यहां आयोजित प्रेसवार्ता में संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि पिछले दो दशकों से होने वाले पुस्तक मेले इस शहर के लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुके हैं । 
वर्ष 2014 से साल में दो बार आयोजित होने वाला लखनऊ पुस्तक मेला इस बार चुनाव व त्योहारों के कारण विलम्ब से हो रहा है। लोगों को बेसब्री से पुस्तक मेले की प्रतीक्षा रहती है। यह मेला एक बार फिर चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने सबकी पहुंच और आने-जाने के साधनों से सुगम स्थल पर हो रहा है जिसमें साहित्यिक-सांस्कृतिक मंच पर सुबह से रात तक गतिविधियों का दौर नित्य जारी रहेगा। मेले की थीम "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" रखी गई है।
निदेशक आकर्ष चंदेल ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों ने कार्यक्रम के आयोजन के मानदंडों में ढील के बाद ही मेले का खाका तैयार किया गया है। हमेशा की तरह सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक चलने वाले इस पुस्तक मेले में इस बार भी कोई प्रवेश शुल्क नहीं होगा, किन्तु कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए पुस्तक प्रेमियों को प्रवेश दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि महामारी के इस दौर में पिछले एक वर्ष में पुस्तक कारोबार को 26 करोड़ रुपये से ज़्यादा का नुकसान हुआ है। इस नुकसान में 80 फीसदी हिस्सा पाठ्यक्रम की शैक्षिक पुस्तकों का है। उन्होंने आज आभासी दुनिया के लती होने के नुकसानों से अलग पुस्तकों के कभी न खत्म होने वाले फायदों को गिनाया और कहा कि पुस्तकों को सबसे अच्छे दोस्त के रूप में जाना जाता है और युगों से समाज के विकास में किताबें अहम भूमिका निभाती आई हैं। 
श्री चंदेल ने आगे बताया कि मेले में नेशनल बुक ट्रस्ट, भारतीय ज्ञानपीठ, नेशनल लाइब्रेरी कोलकाता, वाणी प्रकाशन, प्रकाशन विभाग, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, सस्ता साहित्य मण्डल, सिंधी भाषा राष्ट्रीय परिषद, श्रीरामकृष्ण मिशन, प्रकाशन संस्थान, स्कालर्ज़ हब और कई अन्य प्रकाशक और वितरक पुस्तक मेले में भाग ले रहे हैं। स्थानीय लेखकों ने अपनी पुस्तकों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए अलग से मुफ्त स्टाल लगाया जा रहा है।
विश्वम के संस्थापक ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी मेले के सांस्कृतिक मंच पर विद्यालयों व महाविद्यालयों -विश्वविद्यालयों के बच्चे तथा युवा मेले की थीम पर विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। ज्योति किरन रतन ने बताया कि इंटर-कॉलेज प्रतियोगिता, ओपन माइक सत्र, प्रदर्शनी टॉक शो इत्यादि भी आयोजित किये जाएंगे।  
 संरक्षक टीपी हवेलिया जी ने लखनऊ पुस्तक मेले की सफलता के लिये यहाँ के सुधी पुस्तक प्रेमियों, साहित्यकारों व प्रेस - मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए इस बार भी सहयोग के लिए अनुरोध किया।
इस अवसर पर ऋषभ रस्तोगी, विशाल श्रीवास्तव, सह-संस्थापक किरण फाउंडेशन भी उपस्थित थे । 
पुस्तक मेले को ज़िला प्रशासन, नगर निगम पुलिस कमिशनरेट स्मार्ट सिटी के सहयोग के साथ अन्य एसोसिएट्स रेडियो सिटी, विजय स्टूडियो, ऑर्गेनिक इंडिया, किरण फाउण्डेशन, ज्वाइन हैण्ड्स फाउण्डेशन, ऑरिजिंस, सेफ एक्सप्रेस, विश्वम फाउण्डेशन, समग्र , स्टार टेक्नोलॉजीज आदि का सहयोग मिल रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top