भूमि विवादों को राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर जाकर निस्पक्षता के साथ करें निस्तारण-जिलाधिकारी

अन्य खबरे , 430

सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस विभाग से मिली शिकायतों का प्रभारी/थानाध्यक्षगण समय से करें निस्तारण-पुलिस अधीक्षक।
 
श्रावस्ती। शासन के मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान तहसील दिवस में आये हर फरियादियों की छोटी बड़ी समस्याओं को गम्भीरता से सुना जाए और सम्पूर्ण समाधान दिवस के दिन आये भूमि विवादों को राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर जाकर निस्पक्षता के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। निस्तारण की गई शिकायतें धरातल पर दिखनी चाहिए। ताकि फरियादियों को इधर-उधर अपनी समस्याओं को लेकर भटकना न पड़े। शिकायतों के निस्तारण के गुणवत्ता की जॉच की जायेगी। यदि निस्तारण में फर्जी वाड़ा मिला तो निश्चित ही निस्तारण करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
         उक्त विचार तहसील भिनगा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस में फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण करने के दौरान जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने व्यक्त किया। समाधान दिवस/तहसील दिवस में एवं जनता दर्शन में आयी आई0जी0आर0एस0 शिकायतों को गम्भीरता से सम्बन्धित विभागीय अधिकारी समय सीमा के अर्न्तगत उनका निस्तारण गुणवत्ता पूर्ण ढंग से किया जाए। जिलाधिकारी ने पुलिस व राजस्व व अन्य  विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण मौके पर जाकर किया जाए। राजस्व निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रो में टीम बनाकर प्राप्त शिकायतो का निस्तारण पुलिस के सहयोग से करें और इसमें कोई लापरवाही न बरती जाए। उन्होने सभी लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिया कि सरकारी जमीनों में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न होने पाये इसका ध्यान रखा जाय, यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण की शिकायत मिली तो सम्बन्धित क्षेत्र के लेखपाल/राजस्व निरीक्षक के विरूद्ध कार्यवायी सुनिश्चित की जायेगी।
        सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस में पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार मौर्य ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस विभाग से मिली शिकायतों का प्रभारी/थानाध्यक्षगण समय से उनका निस्तारण करें। उन्होने अपने विभाग से सम्बन्धित फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुनकर उनके निराकरण हेतु थानाध्यक्षों को निर्देश दिया। उन्होने यह भी कहा कि यदि जिले में किसी भी थाना क्षेत्र से कोई भी फरियादी द्वारा किसी भी थानाध्यक्ष की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने की शिकायत मिली तो निश्चित ही सम्बन्धित थानाध्यक्ष के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
         जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें सभी उपजिलाधिकारीगण उपस्थित रहे।
         सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस भिनगा में कुल 107 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से मौके पर ही 05 शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समय सीमा के अन्तर्गत निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस इकौना में 135 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से मौके पर ही 10 शिकायतों का निस्तारण किया गया। तहसील जमुनहा में कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से मौके पर ही 03 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
        इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रवेन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0पी0 भार्गव, प्रभागीय वनाधिकारी ए0पी0 यादव, तहसीलदार भिनगा राम प्यारे, डी0सी0 एन0आर0एल0एम0, खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं फरियादीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top