निर्भीक होकर कार्य करें गन्ना विभाग के कर्मचारी/अधिकारी, गन्ना माफियाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा- गन्ना आयुक्त
जनपत की खबर Dec 02, 2021 at 06:07 PM , 314गन्ना समिति, बागपत में गन्ना पर्यवेक्षक के साथ मारपीट करने एवं सरकारी अभिलेखों को क्षति पहुॅचाने वाले अराजक तत्वों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज, होगी कठोर कार्यवाही
गन्ना समिति बागपत कार्यालय के कार्मिकों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए गन्ना आयुक्त द्वारा त्वरित कार्यवाही के निर्देश
आरोपी युद्धवीर सिंह, निवासी ढिकौली, चॉदीनगर, बागपत ने राजकीय कार्यालय में गन्ना पर्यवेक्षक के साथ मारपीट करते हुए सरकारी अभिलेखों को क्षति पहुॅचाई
आरोपी द्वारा गन्ना पर्यवेक्षक से कुछ बाण्डों पर फर्जी तरीके से पेड़ी क्षेत्रफल दर्ज करवाने का अनुचित दबाव बनाया गया
गन्ना आयुक्त द्वारा दोषी अराजक तत्वों के बाण्ड बंद कराने तथा समिति सदस्यता समाप्त करने की कार्यवाही करने हेतु दिये गये निर्देश
लखनऊः दिनांक: 02 दिसम्बर, 2021
प्रदेश के आयुक्त, गन्ना एवं चीनी श्री संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि गन्ना समिति के बागपत के राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक श्री सुनील कुमार पर ढिकौली निवासी युद्धवीर सिंह पुत्र श्री अनूप सिंह द्वारा 03 अज्ञात व्यक्तियों के साथ गन्ना समिति कार्यालय में आकर कुछ बाण्डों पर फर्जी तरीके से पेड़ी गन्ना क्षेत्रफल दर्ज कराने हेतु दबाव बनाया गया। श्री सुनील कुमार द्वारा शासकीय नियमों के विरूद्ध कार्य करने से मना करने पर युद्धवीर सिंह एवं उनके साथ आये 03 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा श्री सुनील कुमार के साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौच की गयी और जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी अभिलेखों को फाड़ दिया गया।
इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के आयुक्त, गन्ना एवं चीनी श्री भूसरेड्डी द्वारा जिला गन्ना अधिकारी, बागपत को दोषियों के विरूद्ध त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया, जिसपर युद्धवीर सिंह निवासी ग्राम ढिकौली एवं अन्य 03 अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध भारतीय दण्ड संहिता 1860 अधिनियम की धारा 323, 332, 336, 427, 504, 506 के तहत कोतवाली जनपद बागपत में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है, तथा दोषी कृषकों के बाण्ड बंद करते हुए समिति सदस्यता समाप्त करने की कार्यवाही की जा रही है।
इस सम्बन्ध में प्रदेश के गन्ना आयुक्त का स्पष्ट कहना है कि गन्ना विकास विभाग में कार्यरत अधिकारी एवं कार्मिक निर्भीक होकर अपने दायित्यों का निर्वहन करें, किसी भी अराजक तत्व अथवा गन्ना माफिया को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।































Comments