भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी
राष्ट्रीय May 07, 2020 at 09:53 AM , 475नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को देर शाम तक वायरस से संक्रमण के 29 सौ से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद देश भर में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 52,339 हो गई। इनमें से 14,812 लोग इलाज से ठीक हुए हैं और 1,768 लोगों की मौत हुई है। 35,755 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इसमें दिल्ली और उत्तर प्रदेश के संक्रमितों का आंकड़ा शामिल नहीं है क्योंकि देर शाम तक इन दोनों राज्यों आकंड़ा अपडेट नहीं हुआ था।
कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में बुधवार को रिकार्ड संख्या में 1,233 मामले आए। इसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 16,758 पहुंच गई। इनमें से 651 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा 771 मामले तमिलनाडु में आए। वहां संक्रमितों की संख्या अब 4,829 पहुंच गई है।
कोरोना के नए इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में बुधवार को भी संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। शाम तक राज्य में 380 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की 6,625 हो गई। इससे पहले मंगलवार को राज्य में 441 मामले आए थे। मध्य प्रदेश में बुधवार को 88 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 3,137 हो गई। पश्चिम बंगाल में 112 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 1,456 पहुंच गईय़
राजस्थान में बुधवार को 82 नए मामले आए, जिसके बाद वहां संक्रमितों की संख्या 3,240 पहुंच गई। पंजाब में 75 नए मामले सामने आए, जिसके बाद वहां संक्रमितों की संख्या 1,526 पहुंच गई है। आंध्र प्रदेश में 60 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 1,777 हो गई है। हरियाणा में बुधवार को 46 नए मामले मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 594 पहुंच गई। इसके अलावा कर्नाटक में 20, जम्मू कश्मीर में 34, तेलंगाना में 11, बिहार में छह और चंडीगढ़ में पांच नए मामले सामने आए।
ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट पर आधारित है। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बुधवार की शाम तक संक्रमितों की कुल संख्या 49,390 थी, जिसमें से 1,694 लोगों की मौत हुई थी और 14,182 लोग इलाज से ठीक हुए थे। इसके मुताबिक 33,514 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
देश भर में कोरोना वायरस के संक्रमितों और इससे मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार की शाम तक देश भर में कोरोना के संक्रमण से मरने वालों की संख्या साढ़े 17 सौ से ज्यादा हो गई। कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में बुधवार को 34 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य मरने वालों की संख्या 641 पहुंच गई। बुधवार की शाम तक पूरे देश में मरने वालों की संख्या 1,768 हो गई थी।
कोरोना वायरस के नए इपिसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में बुधवार को 28 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 396 पहुंच गया है। इससे पहले मंगलवार को राज्य में रिकार्ड संख्या में 49 लोगों की मौत हुई थी। यह एक दिन में मरने का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 66 सौ से ज्यादा हो गई है।
बुधवार की शाम महाराष्ट्र और गुजरात के बाद सबसे ज्यादा चार लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई। वहां मरने वालों का आंकड़ा 144 हो गया है। राजस्थान में एक व्यक्ति की मौत हुई, जिससे वहां मरने वालों की कुल संख्या 90 हो गई है। बुधवार को पंजाब और आंध्र प्रदेश में दो-दो लोगों की मौत हुई। पंजाब में अब तक 27 और आंध्र प्रदेश में 36 लोगों की मौत हो चुकी है।
इसक अलावा तमिलनाडु में दो और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक व्यक्ति की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या तमिलनाडु में 35 और दिल्ली में 65 पहुंच गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट और राज्यों से मिली जानकारी पर आधारित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक बुधवार की शाम तक 1,694 लोगों की मौत हुई है।































Comments