भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

राष्ट्रीय , 22

**बोले— अन्याय और अधर्म चाहे कितने ही शक्तिशाली हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है**
 
**लखनऊ, 19 अक्टूबर 2026।** भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने इस पावन अवसर पर सभी के सुख, समृद्धि, शांति और लोकमंगल की कामना करते हुए सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य, धर्म और सदाचार की विजय का शाश्वत संदेश देता है। यह पर्व आसुरी शक्तियों के विनाश तथा अधर्म, अनाचार और असत्य के अंत का प्रतीक है। इसकी प्रेरणा मानव जीवन को नैतिकता, सदाचरण और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करती है।
 
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम द्वारा अत्याचारी रावण का अंत हमें यह स्मरण कराता है कि अन्याय और अधर्म चाहे कितने ही शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।
 
## भव्य श्रीराम मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान की अभिव्यक्ति: पंकज चौधरी
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण देश के करोड़ों लोगों के अटूट संकल्प और निरंतर संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर का निर्माण राष्ट्र की सदियों पुरानी अभिलाषा की पूर्ति और राष्ट्रीय स्वाभिमान की अभिव्यक्ति है।
 
पंकज चौधरी ने कहा कि श्रीराम मंदिर ने पूरे विश्व को भारतीय संस्कृति, धर्म और आस्था की गहराई का संदेश दिया है। भारत की सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक परंपराएं इतनी मजबूत हैं कि उन्हें किसी भी शक्ति के माध्यम से मिटाया नहीं जा सकता।
 
## आत्ममंथन और सामाजिक समरसता का संदेश देता है विजयादशमी पर्व: धर्मपाल सिंह
 
भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन, सद्भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है।
 
उन्होंने कहा कि विजयादशमी हमें अपने भीतर विद्यमान अहंकार, द्वेष, अन्याय और नकारात्मकता जैसी बुराइयों को त्यागने तथा सत्य, धर्म, नीति और नैतिकता को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देती है।
 
धर्मपाल सिंह ने कहा कि समाज में प्रेम, समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है। अपने आचरण और व्यवहार में मर्यादा, सद्भाव एवं सकारात्मकता अपनाकर ही एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
 
दोनों भाजपा नेताओं ने विजयादशमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सत्य एवं धर्म के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Comments

Back to Top