मेडिकल एसेसमेंट कैंप में 27 दिव्यांग बच्चों के जारी हुए दिव्यांगता प्रमाणपत्र

अन्य खबरे , 63

लखनऊ, 09 सितंबर 2026। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा कार्यक्रम (शैक्षिक सत्र 2026-27) के तहत जनपद लखनऊ के वार्ड संसाधन केंद्र, सआदतगंज, नगर क्षेत्र, लखनऊ के तत्वावधान में बुधवार को प्राथमिक विद्यालय हैंदरगंज में मेडिकल एसेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया।
 
कैंप का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें दिव्यांगता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना था, जिनके पास अभी तक प्रमाणपत्र नहीं था। कैंप में नगर क्षेत्र के जोन-2 एवं जोन-4 के 50 विशिष्ट आवश्यकता वाले बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
 
खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री नीरज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित कैंप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, लखनऊ की चिकित्सकीय टीम ने बच्चों का परीक्षण किया। जांच के उपरांत कुल 27 बच्चों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए गए, जिनमें 13 अस्थि दिव्यांग, 01 मूक-बधिर, 12 बौद्धिक दिव्यांग तथा 01 नेत्रहीन बच्चा शामिल रहा।
 
इस अवसर पर जिला समन्वयक संदीप तिवारी ने अभिभावकों को विभाग द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और पात्र बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित किया।
 
वहीं, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री नीरज कुमार श्रीवास्तव ने अभिभावकों को विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और उनके समग्र विकास के लिए विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
 
कैंप के सफल आयोजन में स्पेशल एजुकेटर्स आकाश, संतोष सिंह, योगेंद्र पटेल, चारु बंसल, मनीष कुमार, मुकेश सिंह, योगेश यादव, शेखर पटेल एवं ज्ञान सिंह तथा फिजियोथेरेपिस्ट अमरेश सिंह ने उपस्थित रहकर सहयोग प्रदान किया।

Related Articles

Comments

Back to Top