लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ, CM योगी ने विशेष बसों को दिखाई हरी झंडी

जनपत की खबर , 55

**लखनऊ।** मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की **60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा** प्रदान करने वाली **‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना** का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष बसों को फ्लैग-ऑफ किया और माताओं, बहनों एवं बेटियों से संवाद भी किया।
 
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में **मिशन शक्ति केंद्र, एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क, 1090 और 112 का इंटीग्रेटेड रिस्पांस सिस्टम** जैसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश देते हुए कहा, **“बेटी की सुरक्षा में घर के अंदर हो या घर के बाहर, कहीं किसी ने सेंध लगाई, तो मान करके चलो कि सेंध लगाने वाले के लिए जेल या जहन्नुम में से कोई एक जगह तय हो जाएगी।”**
 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है और कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता।
 
मुख्यमंत्री ने बताया कि **उत्तर प्रदेश में पहली बार महिला बीट पुलिस अधिकारियों की तैनाती** की गई है। उन्होंने इसे महिला सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
 
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित **निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा** प्रदान किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से संवाद किया और उनके साथ सेल्फी भी ली।
 
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना को वरिष्ठ महिलाओं के लिए आवागमन को सुगम बनाने और उन्हें सार्वजनिक परिवहन की सुविधा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top