तीन स्थानों पर एंटी करप्शन टीम की ट्रैप कार्रवाई, चार रिश्वतखोर गिरफ्तार

अन्य खबरे , 10

मुरादाबाद, गोरखपुर और कानपुर नगर इकाइयों ने अलग-अलग मामलों में कुल ₹30 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशों के अनुपालन में भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा 19 अगस्त 2026 को मुरादाबाद, गोरखपुर तथा कानपुर नगर इकाइयों ने अलग-अलग स्थानों पर ट्रैप कार्रवाई की। तीनों कार्रवाइयों में कुल ₹30 हजार की रिश्वत लेते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

मुरादाबाद में लेखपाल ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:
भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद इकाई को महीपाल सिंह निवासी ग्राम पतेईनासिर, थाना रजपुरा, जनपद संभल ने कृषि भूमि की पैमाइश और ठियाबंदी कराने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। निरीक्षक कृष्ण अवतार के नेतृत्व में टीम ने भकरौली चौराहा, बबराला जाने वाली सड़क के किनारे कार्रवाई करते हुए राजस्व लेखपाल अमन कुमार, तहसील गुन्नौर, संभल को ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

गोरखपुर में ज्येष्ठ लेखा परीक्षक गिरफ्तार:
गोरखपुर इकाई ने दिव्यांशु पाण्डेय निवासी गौतम विहार कॉलोनी, तारामंडल, गोरखपुर की शिकायत पर कार्रवाई की। शिकायतकर्ता से उपार्जित अवकाश के नकदीकरण के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगे जाने का आरोप था। निरीक्षक शिवमोहन यादव के नेतृत्व में टीम ने संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल गोरखपुर के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए ज्येष्ठ लेखा परीक्षक डॉ. शाहनवाज आलम को ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

फर्रुखाबाद में JE और SSO रिश्वत लेते पकड़े गए:
कानपुर नगर इकाई ने मंशाराम निवासी ग्राम गुगौरा, थाना कमालगंज, जनपद फर्रुखाबाद की शिकायत पर कार्रवाई की। विद्युत कनेक्शन का एस्टीमेट बनाने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत पर निरीक्षक राम आसरे त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने विद्युत उपकेंद्र माकूतगंज, फर्रुखाबाद में ट्रैप किया। कार्रवाई के दौरान JE अजीत राजपूत और SSO चंद्रभान को ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा तीनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top