हास्य नाटक ‘घर की मुर्गी’ का 20 अगस्त को मंचन

जनपत की खबर , 23

 **लखनऊ, 14 अगस्त।** संस्कृति मंत्रालय, नई दिल्ली एवं संस्कृति निदेशालय, उत्तर प्रदेश के सहयोग से शहर की प्रतिष्ठित रंग संस्था **बिम्ब सांस्कृतिक समिति** द्वारा आगामी **20 अगस्त को शाम सात बजे** राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह, कैसरबाग में पारिवारिक पृष्ठभूमि पर आधारित हास्य नाटक **‘घर की मुर्गी’** का मंचन किया जाएगा।
 
राम किशोर नाग द्वारा लिखित इस हास्य नाटक का निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी **श्रीमती सरिता कपूर** करेंगी। नाटक की कहानी पारिवारिक जीवन के विभिन्न पहलुओं, आपसी संबंधों और रोजमर्रा की परिस्थितियों को हास्य एवं व्यंग्य के माध्यम से प्रस्तुत करती है। मनोरंजन के साथ-साथ यह प्रस्तुति दर्शकों को सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों पर सहज ढंग से सोचने का अवसर भी देगी।
 
नाट्य प्रस्तुति में **ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीशचंद्र मिश्र** सहित कला, साहित्य एवं रंगमंच से जुड़े शीर्षस्थ विद्वान और रंगप्रेमी भी सहभागिता करेंगे। आयोजन को लेकर रंगमंच प्रेमियों में विशेष उत्साह है।
 
‘घर की मुर्गी’ में **उज्जवल सिंह, शालू तिवारी, आनंद तिवारी, प्रियांशी मौर्य और दक्ष कपूर** सहित अन्य कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में अभिनय करेंगे। संस्था के अनुसार, नाटक को पारिवारिक दर्शकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और इसमें हास्य के माध्यम से जीवन की छोटी-छोटी विसंगतियों को प्रभावी ढंग से मंच पर उकेरा जाएगा।
 
बिम्ब सांस्कृतिक समिति ने शहर के रंगप्रेमियों एवं कला-संस्कृति से जुड़े लोगों से इस विशेष नाट्य प्रस्तुति में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Comments

Back to Top