लखनऊ में लावारिस कार से उठी तेज दुर्गंध, सालेह नगर चौराहे पर मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी

अन्य खबरे , 264

लखनऊ। राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र स्थित सालेह नगर चौराहे पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कई घंटों से लावारिस खड़ी एक कार से तेज दुर्गंध आने लगी। दुर्गंध महसूस होने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और मीडिया को सूचना दी।

सूचना मिलते ही आशियाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कार का पंजीकरण नंबर UP 33 BB 8989 है, जो स्विफ्ट डिजायर बताई जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही वाहन के मालिक की जानकारी जुटाने में लगी है। कार से आ रही दुर्गंध के कारण क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। कार से दुर्गंध आने का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

Related Articles

Comments

Back to Top