यूपी विधानसभा का मानसून सत्र कल से, अनुपूरक बजट समेत जनहित के मुद्दों पर होगी जोरदार बहस
अन्य खबरे Aug 02, 2026 at 09:48 PM , 24लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार, 3 अगस्त से शुरू होगा। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है। सदन में जनहित के मुद्दों, अनुपूरक बजट और विभिन्न विधेयकों पर व्यापक चर्चा होने के आसार हैं।
सत्र के पहले दिन दिवंगत नेताओं एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। 4 अगस्त को राज्य सरकार अनुपूरक बजट पेश करेगी, जबकि 5 अगस्त को विधेयकों के प्रतिस्थापन एवं अन्य विधायी कार्य संपन्न होंगे। 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा के बाद अनुदान मांगों पर विचार कर उन्हें पारित किया जाएगा।
विपक्ष महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं सरकार अपनी उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को सदन में प्रमुखता से रखेगी।
मानसून सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परिसर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है तथा धारा-163 लागू कर बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सत्र के दौरान लोकहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयक और प्रस्ताव भी सदन में पेश किए जा सकते हैं।



























Comments