RLD ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमाशीष राय के पार्टी छोड़ने की अटकलों को बताया अफवाह, कहा—संगठन मजबूत करने में जुटे हैं

अन्य खबरे , 37

राष्ट्रीय लोकदल का आधिकारिक खंडन, पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक संगठनात्मक दौरे जारी; 25 जुलाई को आजमगढ़ में होगा अहम कार्यक्रम।

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमाशीष राय के किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने अथवा इस संबंध में बातचीत चलने की खबरों को पूरी तरह भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन बताते हुए सख्त खंडन किया है।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कुछ समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित खबरों में डॉ. रमाशीष राय के पार्टी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं, जबकि इन खबरों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉ. रमाशीष राय पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उनके सभी पूर्व निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार लगातार जारी हैं।
मयंक त्रिवेदी के अनुसार, वर्तमान में डॉ. रमाशीष राय देवरिया सहित पूर्वांचल के दौरे पर हैं। इसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और मध्यांचल के विभिन्न जिलों में भी उनके संगठनात्मक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में 25 जुलाई को आजमगढ़ में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोकदल ने मीडिया संस्थानों और आमजन से अपील की है कि वे अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें तथा पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी को ही प्रमाणिक मानें। पार्टी ने कहा कि संगठन अपने निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार प्रदेशभर में लगातार सक्रिय है।

Related Articles

Comments

Back to Top