गोंडा में नकली व नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर एफएसडीए का बड़ा प्रहार

अन्य खबरे , 30

बिना लाइसेंस संचालित 3 अवैध गोदामों पर छापा, 1.13 करोड़ रुपये की दवाएं सीज

कोडीन सिरप, ट्रामाडोल इंजेक्शन, अल्प्राजोलम समेत भारी मात्रा में नारकोटिक्स बरामद

एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज

19 जुलाई 2026 लखनऊ।

अवैध व नकली औषधियों के नेटवर्क पर प्रभावी रोकथाम की नीति के अंतर्गत, एकत्र अभिसूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मुख्यालय, लखनऊ के दिशा-निर्देशन में जनपद गोंडा के बरियार पुरवा सोनार गली, बड़गांव, थाना कोतवाली नगर में 9 जनपदों के औषधि निरीक्षकों एवं स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा लगातार तीन दिनों 16, 17 एवं 18 जुलाई 2026 तक अनवरत सघन छापामार व सीजर की कार्यवाही की गई ।

प्राप्त अभिसूचना के आधार पर संयुक्त टीम गोंडा - बलरामपुर रोड जयनगरा, बड़गाव में स्थित अमन फार्मास्युटिकल्स की जांच करने पहुचे परंतु जांच में फर्म निश्चित चौहद्दी पर संचालित नहीं पाई गई न ही कोई साइन बोर्ड लगा पाया गया । अतः जांच दल द्वारा पूछताछ पर फर्म के संचालक अमन कसौधन के घर पहुंची जहां अमन के भाई शिवम कसौधन पुत्र प्रमोद कसौधन, द्वारा टीम को अवगत कराया गया की वे और उनका भाई फर्म का संचालन  बरियार पुरवा, भट्ठा सोनार गली ,बड़गाव में करते है जहां उनके पास औषधि संबंधी कोई लाइसेंस नहीं है । जांच के दोरान ही टीम को इनके द्वारा संचालित दो अन्य गोदाम का पता चला जो भी बिना किसी वैधानिक औषधि अनुज्ञप्ति के अवैध रूप से संचालित किए जा रहे थे । छापे के दौरान जब टीम द्वारा इन ठिकानों पर विक्रयार्थ प्रदर्शित और भण्डारित औषधियों के वैधानिक क्रय-विक्रय अभिलेख, खरीद बिल अथवा स्टॉक रजिस्टर की मांग की गई, तो संचालक कोई भी वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत करने में पूरी तरह असमर्थ रहे ।

तीन दिनों तक चली इस कार्यवाही में नशे के दुरुपयोग में प्रयुक्त होने वाली दवाओं एवं अन्य एलोपैथिक दवाओं का एक विशाल जखीरा बरामद कर सीज किया गया है। सीज की गई दवाओं Diptram Plus Capsules: 53,712 कैप्सूल, Ultranim-P Tablets: 14,700 टैबलेट, Proxispas Capsules: 59,256 कैप्सूल, Semplx Plus Capsules: 2,82,960 कैप्सूल Roemer Spas Capsules: 32,160 कैप्सूल,Tramadol Injection: 1,96,000 इंजेक्शन,Alzomac 0.5 Tablets (Alprazolam): 60,000 टैबलेट, Codeine Phosphate Syrups (Anrex/Onerex): 63 बोतलें (100 ml) । ज़ब्त की गई औषधियों का अनुमानित मूल्य रुपए एक करोड़ तेरह लाख रु 1,13,000,00 है तथा 19 औषधियों के नमूने जांच हेतु संगृहीत किए गए हैं, जिन्हें तत्काल राजकीय प्रयोगशाला विश्लेषण हेतु भेजा गया है । नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने तथा विवेचना के उपरांत दोषी व्यक्तियों /फ़र्मों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 की सुसंगत धाराओं में परिवाद दाखिल किया जाएगा ।

मौके से मुख्य संचालकों में से एक अभियुक्त शिवम कसौधन पुत्र प्रमोद कसौधन निवासी: रानी बाजार, बड़गांव, गोंडा को पुलिस बल द्वारा हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका सगा भाई और इस अवैध कारोबार का सह-आरोपी व मुख्य प्रोपराइटर अमन कसौधन मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उक्त छापे में भारी मात्रा में मनःप्रभावी दवाओं के अवैध व्यापार और जनमानस में नशे के दुरुपयोग को बढ़ावा देने के गंभीरतम कृत्य के लिए अभियुक्तों के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम, 1985 की धारा 8/21 के अंतर्गत थाना कोतवाली नगर, गोंडा में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) संख्या 0676 दिनांक 19.07.2026 दर्ज कराई गई है ।

Related Articles

Comments

Back to Top