सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अन्य खबरे Jun 29, 2026 at 09:59 PM , 24मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट सुधार, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश
लखनऊ। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आज मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में लखनऊ मण्डल के जनपदों में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने, ब्लैक स्पॉट के सुधार, ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, विद्यालय वाहनों की सुरक्षा तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर बैठक में अपर जिलाधिकारी पूर्वी, एसीपी यातायात, परिवहन, पुलिस, लोक निर्माण, एन0एच0ए0आई, स्वास्थ्य, नगर निगम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन ब्लैक स्पॉटों का चिन्हांकन किया गया है, उनका गुणवत्तापूर्ण सुधार शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा कार्य पूर्ण होने के उपरांत उसका भौतिक सत्यापन भी कराया जाए। मण्डलायुक्त ने टोल प्लाजा पर स्थापित वे-इन-मोशन प्रणाली से प्राप्त ओवरलोड वाहनों की सूचनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, इसलिए ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर प्रवर्तन कार्यवाही की जाए तथा संबंधित विभागों के मध्य सूचना का आदान-प्रदान समयबद्ध रूप से किया जाए।
बैठक में वर्ष 2026 के दौरान हुई सड़क दुर्घटनाओं, दुर्घटना जांच, हिट एंड रन योजना, गुड सेमेरिटन योजना, कैशलेस उपचार योजना तथा जिला सड़क सुरक्षा समितियों एवं जिला विद्यालय वाहन सुरक्षा समितियों की बैठकों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि तीन अथवा उससे अधिक मृत्यु वाली प्रत्येक सड़क दुर्घटना की जांच निर्धारित समय में पूर्ण कर संबंधित समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाए तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का विश्लेषण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी उपाय किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले गुड सेमेरिटन को प्रोत्साहित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की योजना के अनुसार सम्मानित एवं लाभान्वित किया जाए। जिसके लिये उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि ट्राॅमा सेंटर, हाईवे पर स्थित अस्पताल व बडे़ अस्पतालों में गुड सेमेरिटन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाये। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को कैशलेस उपचार योजना का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए।
मण्डलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय वाहन सुरक्षा समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं। विद्यालय वाहनों की फिटनेस, परमिट एवं अन्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने, यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सतत प्रयास किए जाने के भी निर्देश दिए गए।



























Comments