सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, दरोगा की हत्या और सरकारी पिस्टल लूट समेत कई संगीन मामलों में था वांछित

अन्य खबरे , 31

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सहारनपुर जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन मारा गया। मृतक अपराधी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, ललन सिंह पुत्र शिवशंकर सिंह निवासी आनंदगोलवा गांव, थाना मोहीउद्दीन नगर, जनपद समस्तीपुर (बिहार) कई सनसनीखेज आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ दरोगा पर फायरिंग कर सरकारी पिस्टल लूटने, बैंक डकैती, कैश वैन लूट और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज थे।

दरोगा की हत्या और सरकारी हथियार लूट समेत कई वारदातों में था शामिल

पुलिस के मुताबिक, ललन सिंह अपने भाइयों और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर संगीन अपराधों को अंजाम देता था। उसके गिरोह पर सात लोगों की हत्या में शामिल होने का आरोप है, जिसमें दो सब इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड की हत्या भी शामिल है।

इसके अलावा वाराणसी में 8 नवंबर 2022 को सब इंस्पेक्टर पर हमला कर उनकी सर्विस पिस्टल लूटने और चंदौली में 1 नवंबर 2022 को फायरिंग कर लूट की घटना में भी उसकी तलाश थी।

सहारनपुर में हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, 21/22 जून 2026 की मध्यरात्रि सहारनपुर जिले के सरसावा–नकुड़ मार्ग पर अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ के दौरान ललन सिंह गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top