वाराणसी में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में बोले पंकज चौधरी, कहा- मोदी सरकार के 12 वर्षों में देश ने विकास और सुशासन की नई यात्रा शुरू की

जनपत की खबर , 35

लखनऊ/वाराणसी। प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री Pankaj Chaudhary ने संबोधित किया।
इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्रबुद्ध जन संपर्क और प्रगति पथ यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का ब्यौरा जनता के सामने रखा।
‘देश ने निराशा से निकलकर विकास की राह पकड़ी’
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने निराशा और अविश्वास के दौर से निकलकर विकास, आत्मविश्वास और सुशासन की नई दिशा तय की है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि काशी और देश के लिए यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रधानमंत्री ने स्वयं को शासक नहीं बल्कि देश का सेवक बताया और इसी भावना के साथ कार्य किया।
सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल, उज्ज्वला योजना, जनधन खाते और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में चार करोड़ से अधिक आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 80 लाख से अधिक आवास दिए गए। महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए करोड़ों शौचालयों का निर्माण कराया गया।
डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पर जोर
पंकज चौधरी ने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हो चुका है। डिजिटल इंडिया और यूपीआई की सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की डिजिटल व्यवस्था अब वैश्विक स्तर पर पहचान बना रही है।
उन्होंने कहा कि देश में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिला है और मेडिकल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है।
उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे और रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे निर्माण में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी देश आगे बढ़ रहा है और अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण भारत में हो रहा है।
सांस्कृतिक विरासत को मिली नई पहचान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूत किया है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास, नए संसद भवन, कर्तव्य पथ और विदेशों से भारतीय धरोहरों की वापसी जैसे कार्यों को भारतीय गौरव से जोड़ा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 की मजबूत नींव रख दी है। आने वाले वर्षों में सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन, डिजिटल तकनीक और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियान देश को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाएंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top