**40 डिग्री की तपिश में भी गुलजार है लखनऊ का रोज गार्डेन, 2200 प्रजातियों के गुलाबों ने बिखेरी खूबसूरती**

अन्य खबरे , 27

 **राष्ट्रीय लाल गुलाब दिवस पर ‘द रेड रिवाइवल’ कार्यक्रम, पर्यावरण प्रेमियों ने देखी एलडीए की बागवानी की मिसाल**
 
**लखनऊ।** जून की भीषण गर्मी और 40 डिग्री से अधिक तापमान के बीच भी लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का रोज गार्डेन गुलाबों की खुशबू और रंगों से महक रहा है। जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित रोज गार्डेन में खिले लाल गुलाबों ने पर्यावरण प्रेमियों को आकर्षित किया। राष्ट्रीय लाल गुलाब दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में लोगों ने गुलाब की विभिन्न प्रजातियों की खूबसूरती को निहारा और एलडीए के उद्यान प्रबंधन की सराहना की।
 
एलडीए की ओर से आयोजित **‘द रेड रिवाइवल’** कार्यक्रम में युवाओं, रचनाकारों, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रकृति संरक्षण से जुड़े नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों ने गुलाब की दुर्लभ और आकर्षक प्रजातियों को कैमरे में कैद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य रोज गार्डेन के हरित वातावरण को संरक्षित करना और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
 
एलडीए उपाध्यक्ष **प्रथमेश कुमार** ने बताया कि जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित रोज गार्डेन देश के दूसरे सबसे बड़े रोज गार्डेन में शामिल है। करीब **15 एकड़ क्षेत्रफल** में फैले इस गार्डेन में गुलाब की **2200 से अधिक प्रजातियां** और **10 हजार से ज्यादा पौधे** लगाए गए हैं।
 
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक सिंचाई प्रणाली और आधुनिक उद्यान प्रबंधन तकनीकों के इस्तेमाल से भीषण गर्मी में भी गुलाब के पौधों की गुणवत्ता और सुंदरता बनाए रखी जा रही है।
 
कार्यक्रम के दौरान एलडीए के उद्यान अधिकारी **शशि कुमार भारती** ने लोगों को पौधरोपण, सिंचाई की आधुनिक तकनीक और पौधों की देखभाल के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
 
प्रतिभागियों ने एलडीए की इस पहल को लखनऊ की हरित पहचान को मजबूत करने वाला कदम बताया और अधिक से अधिक पौधरोपण व पर्यावरण संरक्षण अभियानों में भागीदारी का आह्वान किया।

Related Articles

Comments

Back to Top