वेतन भुगतान न होने पर लखनऊ के शिक्षक कल से करेंगे जनगणना कार्य का बहिष्कार, प्रशासन को दी अंतिम चेतावनी
जनपत की खबर Jun 08, 2026 at 11:05 AM , 306 जून को प्रशासन को दी गई थी चेतावनी, आज शाम तक वेतन न मिलने पर 9 जून से जिलेभर में जनगणना कार्य ठप होने के आसार।
लखनऊ। जनपद लखनऊ के परिषदीय शिक्षकों ने लंबित वेतन भुगतान को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आज शाम तक सभी शिक्षकों का वेतन भुगतान नहीं किया गया तो 9 जून 2026 से जिले भर के शिक्षक जनगणना कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा इस संबंध में 6 जून 2026 को जिलाधिकारी लखनऊ एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लखनऊ को पत्र देकर पूर्व में ही अवगत करा दिया गया था। पत्र में कहा गया था कि 8 जून 2026 तक शिक्षकों के वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा शिक्षक समुदाय जनगणना सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में सहयोग देने में असमर्थ होगा।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि लगातार दायित्वों का निर्वहन करने के बावजूद शिक्षकों को समय पर वेतन उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उनमें व्यापक असंतोष व्याप्त है। संघ ने प्रशासन को अंतिम अवसर देते हुए कहा है कि यदि आज देर शाम तक वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं होती है तो 9 जून से जनपद लखनऊ के समस्त शिक्षक जनगणना कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।
शिक्षक समुदाय का कहना है कि वे अपने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते रहे हैं, लेकिन वेतन जैसी मूलभूत आवश्यकता की लगातार अनदेखी किए जाने से अब आंदोलनात्मक कदम उठाना उनकी मजबूरी बन गया है।
वेतन भुगतान को लेकर उत्पन्न इस स्थिति से जनगणना कार्य प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम और वेतन भुगतान संबंधी निर्णय पर टिकी हुई हैं।































Comments