प्रवक्ता संवर्ग के 624 पदों का परिणाम घोषित 18 विषयों के 2,253 अभ्यर्थी साक्षात्कार हेतु शॉर्टलिस्ट 1.92 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में हुए थे शामिल साक्षात्कार संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश अलग से किए जाएंगे जारी

अन्य खबरे , 29

प्रयागराज / लखनऊ, 02 जून 2026।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 02/2022 के अंतर्गत प्रवक्ता संवर्ग के 624 पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की विषयवार एवं श्रेणीवार सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 09 एवं 10 मई 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा में 18 विषयों के कुल 1,92,934 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। आयोग द्वारा परीक्षा परिणाम के आधार पर कुल 2,253 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु औपबंधिक रूप से सफल (शॉर्टलिस्ट) घोषित किया गया है। इनमें भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, कला एवं हिन्दी विषय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों के विषयवार एवं श्रेणीवार अनुक्रमांक आयोग की वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर प्रदर्शित किए गए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।


डॉ. प्रशांत कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से अद्यतन सूचनाएं देखते रहें तथा निर्धारित तिथि से पूर्व अपने साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार की विषयवार एवं तिथिवार विस्तृत सूचना तथा आवश्यक दिशा-निर्देश 03 जून 2026 को आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल आईडी एवं मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top