लखनऊ बार एसोसिएशन भी उतरी आंदोलन के समर्थन में, पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में 26 मई तक सामूहिक अवकाश का ऐलान
जनपत की खबर May 21, 2026 at 03:47 PM , 17सेंट्रल बार एसोसिएशन के फैसले को मिला समर्थन, वकीलों में भारी आक्रोश; पुलिस के तहसील परिसर में प्रवेश पर भी रोक
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में अब वकीलों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। सेंट्रल बार एसोसिएशन के बाद अब सदर तहसील लखनऊ बार एसोसिएशन ने भी सामूहिक अवकाश का समर्थन करते हुए बड़ा निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन की आपातकालीन आम सभा में यह फैसला लिया गया कि 21 मई से 26 मई 2026 तक सदर तहसील में पूर्ण रूप से हड़ताल रहेगी और न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा।
सदर तहसील लखनऊ बार एसोसिएशन की ओर से जारी प्रस्ताव में कहा गया है कि अधिवक्ताओं पर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज से वकीलों में भारी नाराजगी है। इस घटना को अधिवक्ताओं के सम्मान और न्याय व्यवस्था पर हमला बताते हुए बार पदाधिकारियों ने इसकी कड़ी निंदा की है।
महामंत्री नीलेंद्र सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित आम सभा में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सेंट्रल बार एसोसिएशन द्वारा घोषित सामूहिक अवकाश का समर्थन किया जाएगा। साथ ही लखनऊ जनपद की सभी बार एसोसिएशनों से आंदोलन में एकजुट होने की अपील भी की गई।
बार एसोसिएशन ने साफ किया है कि 21 मई से 26 मई तक सदर तहसील परिसर में किसी प्रकार का न्यायिक कार्य नहीं होगा। इसके अलावा आंदोलन के दौरान पुलिसकर्मियों के तहसील परिसर में प्रवेश पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
लखनऊ में वकीलों के इस बढ़ते विरोध को लेकर न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी रूप ले सकता है।































Comments