यूपी पुलिस और एनएसजी के बीच सुरक्षा समन्वय पर मंथन, डीजीपी राजीव कृष्ण से मिले एनएसजी आईजी दीपक कुमार केडिया

राष्ट्रीय , 20

लखनऊ। प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर बुधवार को पुलिस मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) दीपक कुमार केडिया ने शिष्टाचार भेंट की।
पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के बीच प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा, समन्वित पुलिसिंग, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में बदलते सुरक्षा परिदृश्य और आधुनिक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में सुरक्षा तंत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने, संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को बेहतर करने तथा प्रशिक्षण के आधुनिक तरीकों को अपनाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आपसी सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
मुलाकात के अंत में राजीव कृष्ण और दीपक कुमार केडिया ने एक-दूसरे को स्मृति चिन्ह भेंट कर सौहार्दपूर्ण संबंधों और आपसी सहयोग की भावना को अभिव्यक्त किया।

Related Articles

Comments

Back to Top