यूपी पुलिस में सोशल मीडिया पर सख्ती: नियम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई, हर महीने देनी होगी रिपोर्ट

जनपत की खबर , 33

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया पर बढ़ती अनुशासनहीनता और आपत्तिजनक गतिविधियों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय की ओर से प्रदेश के सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों, कमिश्नरेट और जनपदों को निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही हर महीने इसकी रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजनी होगी।
मुख्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए वर्ष 2023 में सोशल मीडिया पॉलिसी लागू की गई थी, लेकिन लगातार यह देखने में आ रहा है कि कुछ सेवारत और प्रशिक्षु पुलिसकर्मी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अनुचित एवं आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रहे हैं। कई मामलों में रील और वीडियो के माध्यम से विभागीय अनुशासन की मर्यादा का उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे न केवल सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि भी धूमिल हो रही है।
आदेश में सभी अधीनस्थ इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल विभागीय कार्रवाई की जाए। इतना ही नहीं, संबंधित पोस्ट का यूआरएल और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।
पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रत्येक माह संचालित कार्यक्रम के तहत सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के उल्लंघन से जुड़े मामलों की समीक्षा की जाएगी और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजनी अनिवार्य होगी।
यह आदेश अपर पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था की ओर से पुलिस महानिदेशक के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है। माना जा रहा है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पुलिसकर्मियों के वीडियो और विवादित पोस्टों के बाद विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है।

Related Articles

Comments

Back to Top