लखनऊ में STF की बड़ी कार्रवाई: नेपाल से आ रही 23 लाख की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

अन्य खबरे , 27

लखनऊ। स्पेशल टॉस्क फोर्स उत्तर प्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF की टीम ने 13 अप्रैल 2026 को राजधानी लखनऊ में छापेमारी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 4.645 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 23 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमजान उर्फ रिंकू पुत्र नन्हकऊ, निवासी नई सराय थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और 4670 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
यह गिरफ्तारी थाना कृष्णानगर क्षेत्र के बैकुण्ठ धाम वीआईपी रोड से 13 अप्रैल को दोपहर 3:28 बजे की गई। STF को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि भारत-नेपाल सीमा के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी कर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई की जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर टीम को सक्रिय किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक STF दिनेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत STF टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान एसीपी कृष्णानगर रजनीश कुमार वर्मा भी मौके पर मौजूद रहे।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो नेपाल से चरस लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सप्लाई करता है। उसने बताया कि वह यह खेप नेपाल के अलीगढ़वा निवासी दीपक नामक व्यक्ति से लेकर लखनऊ ला रहा था, जिसे आसपास के क्षेत्रों में खपाया जाना था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कृष्णानगर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। STF अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है, जिससे इस अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क का पूरी तरह से भंडाफोड़ किया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top