ललितपुर फार्मा पार्क बनेगा ग्लोबल एक्सपोर्ट हब, यूपीसीडा–जेएनपीए के बीच ऐतिहासिक समझौता
अन्य खबरे Apr 04, 2026 at 10:05 PM , 42कानपुर/लखनऊ, 4 अप्रैल। उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी फार्मास्यूटिकल विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) और जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण (जेएनपीए) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता ललितपुर फार्मा पार्क को वैश्विक निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगा।
एमओयू पर यूपीसीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरण आनंद और जेएनपीए के अध्यक्ष गौरव दयाल ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य उत्तर भारत के औद्योगिक क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से निर्बाध रूप से जोड़ना है।
मल्टीमोडल नेटवर्क से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
समझौते के तहत दादरी-खुर्जा रेल लिंक के माध्यम से ललितपुर फार्मा पार्क को पश्चिमी और पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC और EDFC) से जोड़ा जाएगा। इससे औषधीय उत्पादों का तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन संभव होगा। यह नेटवर्क उत्पादों को सीधे जेएनपीए तक पहुंचाएगा, जो देश का सबसे बड़ा कंटेनर बंदरगाह है और 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पोर्ट्स से जुड़ा है।
मुख्यमंत्री के विजन को मिलेगा बल
यूपीसीडा के सीईओ विजय किरण आनंद ने कहा कि ललितपुर फार्मा पार्क, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस विजन का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य को औषधि निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जा रहा है। यह साझेदारी निवेशकों को विश्वस्तरीय लॉजिस्टिक्स सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, जिससे उनकी वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता में वृद्धि होगी।
सुगम होगी आयात-निर्यात प्रक्रिया
इस समझौते के तहत फार्मा क्लस्टर की इकाइयों को कच्चे माल के आयात और तैयार उत्पादों के निर्यात के लिए बेहतर और तेज लॉजिस्टिक्स सहायता मिलेगी। इससे निर्यात-आयात गतिविधियों में तेजी आएगी और उद्योगों की कार्यक्षमता में सुधार होगा।
तकनीकी सहयोग से मजबूत होगी सप्लाई चेन
फार्मा सेक्टर की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी और परिचालन सहयोग भी सुनिश्चित किया जाएगा। इससे उद्योग, लॉजिस्टिक्स प्रदाताओं और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे सप्लाई चेन अधिक सक्षम और प्रभावी बनेगी।
यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से जोड़ते हुए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देगी। साथ ही, यह राज्य को निवेश के लिए और अधिक आकर्षक बनाएगी।
रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
ललितपुर फार्मा पार्क, औद्योगिक कॉरिडोर के निकट स्थित होने के कारण, दादरी-खुर्जा लिंक के जरिए वैश्विक शिपिंग मार्गों से जुड़ेगा। इससे निर्यात-उन्मुख विनिर्माण को नई गति मिलेगी। यह पहल न केवल औद्योगिक विकास को तेज करेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन, निवेश आकर्षण और उत्तर प्रदेश को फार्मा निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।



























Comments