सांसद ने तेंदुए हमले के पीड़ित परिवार से की भेंट मृतक बालिका के परिजनों को बंधाया ढांढस
अन्य खबरे Apr 03, 2026 at 06:45 PM , 32लखीमपुर-खीरी।सिंगाही थाना क्षेत्र के फुटहा फार्म (सिंधौना) में 25 मार्च को तेंदुए के हमले में जान गंवाने वाली सात वर्षीय बालिका के परिजनों से समाजवादी पार्टी के सांसद उत्कर्ष वर्मा ने मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
सांसद उत्कर्ष वर्मा के साथ सपा नेता चौधरी हिमांशु पटेल भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार से घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें इस दुखद घड़ी में हर तरह से सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांसद वर्मा ने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसमें मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया। उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन स्तर से हर संभव सहायता दिलाने की बात भी कही।सांसद ने बताया कि संसद के बजट सत्र के कारण वे घटना के समय दिल्ली में थे, जिससे तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सके। क्षेत्र में लौटते ही उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।मुलाकात के दौरान क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीवों के खतरे पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, जंगल क्षेत्र में प्रभावी फेंसिंग लगाने और वन विभाग की निगरानी बढ़ाने की मांग की। सांसद ने इन मांगों को शासन स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर बेलराया वन रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह, सपा नेता अशोक वर्मा, सरदार गुरुदेव सिंह, लाल मोहम्मद, ग्यासुद्दीन सहित अन्य पदाधिकारी और वन विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित थे। क्षेत्र में वन्यजीवों के लगातार हमलों के कारण लोगों में अब भी भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



























Comments