वरिष्ठ हिन्दी प्रवक्ता के लिए हुआ कृतज्ञता सम्मान समारोह
अन्य खबरे Apr 03, 2026 at 06:25 PM , 79लखीमपुर खीरी। विद्या भारती विद्यालय पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज (यू०पी० बोर्ड), लखीमपुर में शुक्रवार को विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य एवं हिन्दी प्रवक्ता रमेश चन्द्र पाठक जी के सम्मान में कृतज्ञता समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर योगेन्द्र प्रताप सिंह ने कराया। उन्होंने रमेश चन्द्र पाठक जी के दीर्घकालीन शैक्षिक योगदान, सरल व्यक्तित्व एवं विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन सदैव विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
विद्यालय के उपाध्यक्ष रवि भूषण साहनी जी, प्रबन्धक डॉ० जय राम जी, कोषाध्यक्ष अभिजात मिश्र जी, सदस्य आशीष श्रीवास्तव जी, नीरज सिंह जी तथा अंशुल जायसवाल जी ने रमेश चन्द्र पाठक जी को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबन्ध समिति के सदस्यों तथा आचार्य प्रमोद कुमार मिश्र जी एवं आचार्य राजेन्द्र प्रसाद ओझा जी ने रमेश चन्द्र पाठक जी के साथ बिताए गए अपने संस्मरण साझा किए। वक्ताओं ने उनके स्नेह, अनुशासन एवं शिक्षण शैली को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में आचार्या हिमांशी जी ने एक सुन्दर भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। समारोह में संकुल के विभिन्न विद्या भारती विद्यालयों के समस्त प्रधानाचार्य बन्धु भी उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय के आचार्य श्री कुन्तीश अग्रवाल जी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों ने रमेश चन्द्र पाठक जी के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।



























Comments