लखनऊ में ‘द ग्रेट शक्तिस्वरूपा उत्सव’ का भव्य समापन, अपर्णा यादव ने 8 महिलाओं को किया सम्मानित
अन्य खबरे Mar 29, 2026 at 05:05 PM , 128लखनऊ, रविवार 29 मार्च। नव अंशिका फाउंडेशन द्वारा आयोजित “द ग्रेट शक्तिस्वरूपा उत्सव” के अंतर्गत पूरे मार्च चले महिला माह का भव्य समापन विराजखंड स्थित नक्षत्र होटल में “नव अंशिका सर्वश्री सम्मान समारोह” के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर्णा यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आठ महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अपर्णा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं को कानूनी अधिकार और सामाजिक सुरक्षा मिल रही है। उन्होंने महिलाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और “मन में दिव्यता और स्वभाव में स्वच्छता” का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने फाउंडेशन की अध्यक्ष नीशू त्यागी के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से अपर्णा यादव को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मीना सिंह, अरुण कुमार राय और शिखा सिंह पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार प्रस्तुति हुई। गणेश वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में देशभक्ति और नारी सशक्तिकरण पर आधारित नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। “मुझे आजादी चाहिए” और “नारी दुर्गा शक्ति” जैसी प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। वहीं लोकगीतों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली का आयोजन भी किया गया।
समारोह में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की सहायक अध्यापिका पूजा मिश्रा, उन्नाव की वरिष्ठ उपनिरीक्षक रीना पाण्डेय, एसआर हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर रीशू सिंह, कथक कलाकार डॉ. अर्चना तिवारी, शिक्षिका शबाना आजमी, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रीता डे, वरिष्ठ पत्रकार नूतन वशिष्ट और 94 वर्षीय रामेश्वरी विष्ट सहित आठ महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा ज्योति किरण रत्न को भी विशेष रूप से सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन आमिर मुख्तार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
फाउंडेशन की अध्यक्ष नीशू त्यागी ने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर पूरे मार्च माह में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें श्रमजीवी महिलाओं का सम्मान, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिता, रंगोली प्रतिस्पर्धा और देवी गीतों के कार्यक्रम शामिल रहे। यह उत्सव महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित रहा।



























Comments